नशा बेचने, झगड़े का मामला पुलिस में ले जाने वालों का करेंगे बायकाट

प्लास्टिक का इस्तेमाल कर घर के बाहर फेंकने पर भी लगाया प्रतिबंध भास्कर न्यूज | बरनाला सामाजिक बुराइयों को खत्म करने के लिए जिले के ब्लॉक महलकला के गांव कुरड़ की पंचायत ने बढ़िया शुरुआत की है। पंचायत मेंबरों का कहना है कि अगर यह व्यवस्था सभी गांवों में लागू हो जाती है तो समाज में सुधार हो सकता है। गांव के सरपंच सुखविंदर दास ने बताया कि गांव के लोगों और गांव के पंचायत ने सर्वसम्मति से नशा बेचने, नशा स्टोर करने और सप्लाई करने वाले लोगों का सामाजिक तौर पर बायकाट करने का एलान किया है। उन्होंने कहा कि सारी पंचायत ने मिलकर फैसला किया है कि जो व्यक्ति नशा बेचेगा अगर पुलिस उसे पकड़ती है तो कोई भी उसका साथ नहीं देगा। जो भी व्यक्ति उसका साथ देगा उसका भी पंचायत की तरफ से सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। इसके साथ ही जो व्यक्ति चोरी करता है उसे उसका भी बायकाट किया जाएगा। गांव के अगर कोई दो पड़ोसियों या किन्हीं लोगों का झगड़ा है तो उसे झगड़े को पंचायत में सुलझाने का प्रयत्न किया जाए। जो व्यक्ति पंचायत को बताए बिना लड़ाई झगड़े के मुद्दे को सीधा पुलिस स्टेशन लेकर जाएगा उसके साथ भी कोई नहीं चलेगा। इसके साथ ही गांव में ट्रैक्टरों पर जो लोग ऊंची आवाज में साउंड चलते हैं उन पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। सामाजिक तौर पर ऐसे लोगों को भी रोका जाएगा। इसके साथ ही प्लास्टिक का इस्तेमाल करने पर भी गांव में प्रतिबंध लगा है। जो व्यक्ति प्लास्टिक के लिफाफे इस्तेमाल करके बाहर फेंकेगा उसे भी समझाया जाएगा या जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ ही लोगों को समझाया गया है कि वह गांव में किसी भी प्रकार का झगड़ा हो तो उसे बैठकर सुलझाने का प्रयास करें। सरपंच सुखविंदर दस, पंच सुखविंदर कौर, पंच हरजीत सिंह, रणजीत कौर, मनजीत कौर आदि ने कहा कि सामाजिक बुराइयों को खत्म करने के लिए सभी लोगों को मिलकर आगे आना होगा। गांव के लोग नशे व अन्य बुराइयों से आजादी चाहते हैं जो भी युवक नशे में फंसे हुए है अगर वह नशे को छोड़ना चाहते हैं पंचायत की तरफ से ऐसे लोगों की मद्द की जाएगी। जिन लोगों के पास नशा छोड़ने की दवाई लेने या फिर अस्पताल में दाखिल होने के लिए संसाधन नहीं है ऐसे लोगों की भी मदद की जाएगी। जो लोग नशा छोड़ना चाहते है या नशा बेचने वालों की जानकारी पंचायत को देंगे ऐसे लोगों का नाम व पता गुप्त रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव में नशा बेचने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। जो व्यक्ति नशा बेचता है ऐसे लोगों को चेतावनी दी जा रही है अगर कोई नशा बेचता पाया गया तो पूरे गांव की तरफ से उसका बायकाट करके उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही सभी लोग मिलकर सामाजिक तौर पर ऐसे व्यक्ति का बायकाट करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *