भास्कर न्यूज|संगरूर दिसंबर माह के अंत में कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो गई है। 32 दिन के बाद रविवार को घनी धुंध दिखाई दी शहरी क्षेत्र में विजिबिलिटी 50 मीटर जबकि बाहरी क्षेत्र में मात्र 15 मीटर तक रही। पूरा दिन बर्फीली हवाओं से ठिठुरन और बढ़ गई है। इस कारण न्यूनतम तापमान 2 डिग्री तक लुढक कर 8 डिग्री पर आ गया है। हालांकि दोपहर 12 बजे कुछ धूप दिखाई दी बावजूद लोगों को ठंड से कोई राहत नहीं मिली है। मौसम विभाग ने आज से पाला पड़ने की संभावना जताई है जिस कारण ठंड में और बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार और मंगलवार को ऐसा ही मौसम बने रहने की उम्मीद है। दोनों दिन घनी धुंध पड़ने की संभावना है, जिस कारण न्यूनतम तापमान 1 डिग्री तक और लुढ़क सकता है। आज और कल पाला भी पड़ने की उम्मीद जताई जा रही है जिस कारण लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ सकता है वीरवार और शुक्रवार की रात बारिश के बाद ठंड में बढ़ोतरी होनी शुरू हो गई थी। ऐसे में मौसम विभाग ने आने वाले तीन दिनों में घनी धुंध का अलर्ट जारी किया था। रविवार को यूं तो मौसम साफ रहा लेकिन धुंध और बर्फीली हवाओं के कारण ठंड में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पूरी रात ओस की बूंदें बारिश की तरह गिरती रही। शहर में धुंध का असर सुबह 8 बजे समाप्त हो गया था लेकिन बाहरी क्षेत्र में धुंध 10 बजे तक दिखाई दी जिस कारण वाहनों की रफ्तार भी काफी धीमी रही है। चालकों को वाहनों की लाइटों का सहारा लेना पड़ा है।


