गिरिडीह में दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर नए परिसदन भवन में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद थे। पूजा समितियों ने रखी समस्याएं बैठक में सदर अनुमंडल क्षेत्र की विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों ने बिजली, पानी, सड़क, सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी अपनी समस्याओं को विस्तार से रखा। समितियों ने प्रशासन से आग्रह किया कि त्योहार के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष व्यवस्था की जाए और मूर्ति विसर्जन तक निगरानी लगातार बनी रहे। मंत्री ने दिया आश्वासन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने बैठक में सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और पूजा से पहले समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने नगर निगम, बिजली विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, सड़क निर्माण विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे निर्धारित समय पर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। मंत्री ने कहा कि दुर्गा पूजा का पर्व सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है, ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे शामिल इस मौके पर कोडरमा सांसद प्रतिनिधि दिनेश प्रसाद यादव और गिरिडीह सांसद प्रतिनिधि गुड्डू यादव भी उपस्थित रहे। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों में एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते, उपनागर आयुक्त प्रशांत लायक, एसडीपीओ जितवाहन उरांव और डीएसपी नीरज सिंह मौजूद थे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि विभागीय स्तर पर सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएंगी। लगातार हो रही हैं तैयारियां जिला और पुलिस प्रशासन दुर्गा पूजा के सफल आयोजन के लिए लगातार बैठकें कर रहा है। शांति समिति की यह बैठक भी उसी क्रम का हिस्सा रही। अधिकारियों ने कहा कि इस बार पूजा पंडालों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और बिजली-पानी की आपूर्ति पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो सके।


