मुरादाबाद में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के टीम लीडर सज्जाद अली खान के खिलाफ रेप की एफआईआर दर्ज की गई है। सज्जाद अली खान ने एक युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उससे 2 लाख रुपए भी ठग लिए। एसएसपी के आदेश पर मामला दर्ज करके पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वो चश्मे की दुकान पर काम करती है। शोरूम पर एक जनवरी 2024 को मौला गंज कोठी गया बिहार का रहने वाला सज्जाद अली खान चश्मा बनवाने के लिए आया था। इसी दौरान वो उसका नंबर ले गया था। पीड़िता का कहना है कि सज्जाद अली खान ने खुद को अविवाहित बताते हुए उससे बात करना शुरू कर दिया। सज्जाद अली खान ने उसे बताया कि वो स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के टीम लीडर के पद पर तैनात है। पीड़िता के घरवाले भी उसके निकाह करने के लिए लड़के की तलाश कर रहे थे। जिस पर आरोपी उसके घर वालों से मिलकर शादी करने के लिए तैयार हो गया। उसके बाद झांसे में लेकर समय-समय पर घुमाने ले जाता था। आरोप है कि इस बीच आरोपी ने पीड़िता की मर्जी के बगैर कई बार उसके साथ जबरन अवैध संबंध बनाए। विरोध करने पर बोला कि वह उससे शादी कर लेगा। पीड़िता का आरोप है कि जुलाई में पीड़िता ने एक फ्लैट वसंत कुंज कलोनी द्वारिका दिल्ली में खरीदा। उसके बाद आरोपी ने उससे दो लाख रुपए लिए जिसे आज तक वापस नहीं किया है। पीड़िता का कहना है कि सज्जाद अली खान ने 24 नवंबर को रजामंदी से निकाह किया। जिसमें सज्जाद अली खान की मां, छोटा भाई और बहन समेत उसके दो बच्चे निकाह में शामिल होने के लिए मुरादाबाद आए थे। 25 नवंबर को लोग बिहार वापस चले गए। पीड़िता का कहना है कि सज्जाद अली ने कुछ दिन बहुत सलीके से उसे रखा फिर वो छुप-छुप कर अपने घर फोन पर बातें करता था। पीड़िता ने पड़ताल की तो पता चला सज्जाद अली पहले से शादीशुदा था। उसके दो बच्चे भी हैं। जो बिहार में उसके घर पर रहते हैं।


