नर्मदापुरम में शनिवार को हुई बेमौसम बारिश से तवा नदी की रेत में लगी डंगरबाड़ी और लौकी, ककड़ी, खीरा, करेला, कद्दू, की सब्जियां खराब हो गई। जिससे किसानों का लाखों रुपए का नुकसान हो गया। रविवार को भी डंगरबाड़ी और ससब्जियों में पानी भरा रहा। किसानों ने प्रशासन से खराब फसल का सर्वे कराकर आर्थिक राशि देने की की मांग की। ग्राम सांगाखेड़ा कलां के किसान देवीराम कीर ने बताया बांद्राभान व सांगाखेड़ा कला के बीच तवा नदी के तट पर करीब दाे एकड़ में लौकी, गिलकी, ककड़ी, बरबटी और तरबूज के फसलें लगाई थीं। करीब डेढ़ माह से वे मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने सभी सब्जियों के बीच लगाए थे, जाे अब फसल के रूप में तैयार हाे चुके थे, जिसमें करीब एक लाख रुपए की लागत आई। शनिवार काे हुई तेज बारिश के कारण डंगरबाड़ी की पूरी फसल में पानी भर गया है। पानी भरने से फसल की सभी बेल गल जाएगी। तैयार हाेने के बाद बेलों में फूल आने लगे थे। यह फसल करीब अगले चार माह तक चलती। किसान ने की मुआवजे की मांग किसान देवीराम कीर ने बताया कि मेरे अलावा ग्राम पवारखेड़ा, होरियापीपल, मेहराघाट, रजोन, निमसाड़िया, बालाभेंट के किसानों की तवा किनारे डंगरवाड़ी में लगी सब्जियों की फसल खराब हुई है। किसानों ने बारिश से फसलों में हुए नुकसान काे लेकर मुआवजे की मांग की है।


