छेड़खानी का विरोध करने पर किशोरी को छत से फेंका:जौनपुर में घर में घुसकर कर रहा था अश्लील हरकतें, हालत गंभीर; आरोपी गिरफ्तार

जौनपुर के एक 14 साल की किशोरी को गांव निवासी एक युवक ने छत से नीचे फेंक दिया। घायलावस्था में उसे जौनपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना का कारण युवक के छेड़छाड़ करने का विरोध करना बताया जा रहा है। किशोरी की मां ने शनिवार की शाम कोतवाली में तहरीर दी। पीड़िता की मां ने बताया- 26 दिसंबर को दिन में 3 बजे परिवार के लोग खेत में काम करने गए थे। कक्षा आठ में पढ़ने वाली उनकी 14 वर्षीय बेटी घर में अकेली थी। वह छत पर सूखे कपड़े उतार रही थी। इसी दौरान एक गांव निवासी युवक उसे अकेला देखकर घर में घुसा और उससे छेड़खानी करने लगा। किशोरी ने इसका विरोध किया तो उसने उसे छत से नीचे फेंक दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवार के लोग शोर सुनकर दौड़े तो आरोपी युवक फरार हो गया। परिजनों ने किशोरी को जौनपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। 28 दिसंबर की शाम को किशोरी के मां ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। ग्रामीणों ने बताया- आरोपी युवक इस तरह की और भी हरकतें कर चुका है, लेकिन किसी ने लोक लाज के भय से मुकदमा नहीं दर्ज कराया था। एसपी ग्रामीण शैलेन्द्र सिंह ने बताया- थाना मड़ियाहूं में एक लिखित तहरीर प्राप्त हुई है। थानांतर्गत मोढ़ेला गांव में रसूल नाम का एक व्यक्ति एक लड़कीं को उसके छत से उसको धकेल दिया। जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गयी। अस्पताल में भर्ती है। इस सूचना पर थाना मड़ियाहूं में समुचित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *