भास्कर न्यूज । सिमडेगा झारखंड राज्य कर्मचारी महासंघ की बैठक रविवार को जिला कृषि कार्यालय परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विजय कुमार राम ने की,जबकि संचालन जिला सचिव सुशील कुमार सिंह ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए विजय कुमार राम ने कहा कि महासंघ के महासचिव सुशील कुमार सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों की कई महत्वपूर्ण मांगों को राज्य सरकार ने स्वीकार किया, जो जिले के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। बैठक में जिला सचिव एवं महासचिव सुशील कुमार सिंह ने कहा कि अभी भी राज्य सरकार के नियमित कर्मियों को केंद्रीय वेतनमान एवं सुविधाएं पूर्ण रूप से लागू नहीं की गई हैं,जो अन्यायपूर्ण है। उन्होंने मांग की कि वर्ग-4 में कार्यरत कर्मियों को केंद्रीय कर्मियों की तरह वर्ग-3 में प्रोन्नति दी जाए, सेवानिवृत्ति की उम्र को 65 वर्ष किया जाए, अनुबंध कर्मियों,दैनिक वेतनभोगी व सफाई कर्मियों की सेवा स्थाई की जाए।


