अमृतसर| बटाला रोड स्थित जवाहर नगर की मुर्गीखाना गली नंबर 7 में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक परिवार ने कर्ज लेकर अपनी बेटी का विवाह किया था, लेकिन उसी दौरान उनके घर की छत अचानक ढह गई। घटना के समय घर में कई रिश्तेदार मौजूद थे, लेकिन कोई जान-माल की हानि नहीं हुई। घटना की जानकारी देते हुए सचिन ने बताया कि रात करीब 3:30 बजे छत से हल्की आवाजें आने लगीं। उसकी मां ने जब छत से पानी की बूंदें गिरने की बात कही, तो सभी लोग सतर्क होकर नीचे उतर आए। कुछ ही मिनटों में छत का लैंटर भरभरा कर गिर गया। मकान मालिक ने बताया कि बेटी की शादी भी कर्ज लेकर की गई थी। अब छत गिरने के बाद वे किराए के घर में रहने को मजबूर हैं। घर का सारा सामान बेड, पंखे, कूलर सब टूट चुके हैं। परिवार ने नगर निगम, पार्षद और प्रशासन को घटना की सूचना दी, लेकिन अब तक किसी भी तरह की सरकारी सहायता नहीं मिली है।


