रावी नदी में बाढ़ के कारण भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पार खेतों में पानी भरने से फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई। किसानों को बाढ़ के चलते खेतों तक पहुंचना मुश्किल था। वहीं अब बीओपी माझीमियां पर तैनात बीएसएफ ने किसानों के लिए गेट खोल दिया है। ताकि वे अपने खेतों का जायजा ले सकें। पूर्व कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने कंटीली तार के पार (फेसिंग) जाकर फसलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बाढ़ के चलते किसानों की फसलें पूरी तरह तबाह हो गई हैं। किसानों को भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार उन्हें उचित मुआवजा देगी। जल्द ही सीएम भगवंत सिंह मान से विशेष मुलाकात कर अजनाला के गांवों व कंटीली तार के पार फसलों के नुकसान की जानकारी देंगे। ताकि किसानों को नुकसान का उचित मुआवजा मिल सके। किसानों ने बताया कि उनकी मुख्य जीविका धान की फसल पर निर्भर रहती है।


