विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने बताया कि बाढ़ प्रभावित सूबे भर के प्रभावित 23 हजार गांवों के लिए सीएम ने 100 करोड़ रुपए मंजूर कर दिए हैं। अजनाला के 195 गांव बाढ़ की चपेट में आए हैं। उन्होंने बताया कि पहले चरण में पंचायतों के खातों में 1-1 लाख रुपए जारी कर दिए गए हैं। धालीवाल ने कहा कि भाजपा, कांग्रेस, अकाली दल और अन्य विपक्षी पार्टियां घटिया राजनीति कर अपनी रोटियां सेंकते रहे जिन्हें वोटरों ने नकार दिया है। बाढ़ प्राकृतिक आपदा है। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार न होती तो पीड़ित लोगों को और भी ज्यादा जानी-माली नुकसान उठाना पड़ता। क्योंकि पहले की परंपरागत पार्टियों के शासन में बाढ़ का पानी उतरने के बाद ही मंत्री, विधायक और प्रशासन पीड़ितों की सुध लेने आते थे। गिरदावरी टीमों को ईमानदारी से सहयोग देने के लिए 5-5 सदस्यीय कमेटियों का गठन ब्लॉक विकास पंचायत व अन्य सरकारी अमले की मौजूदगी में करवाया गया। धालीवाल गांव चमियारी, हरड़ खुर्द, अंब कोटली, जगदेव खुर्द, कोट गुरबख्श, पच्छिया, माछीवाला व अन्य पंचायतों को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर खुशपाल सिंह धालीवाल, बीडीपीओ सितारा सिंह, पवन कुमार, प्रगट सिंह, ओएसडी गुरजंत सिंह सोही आदि मौजूद थे।


