केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने रविवार को अजनाला के घोनेवाल गांव का दौरा किया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनके दुख-दर्द को सुना और आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है तथा हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी। केंद्रीय राज्यमंत्री पासवान ने गांव घोनेवाल के अलावा माछीवाल, बाउली, मन्दिरावाल, नांगल सोहल, घुमरई, पंजछियारिया वलाह, गग्गर, सिंगोक, निसोक, पशिच्या आदि का दौरा कर बाढ़ पीड़ितों का हालचाल जाना। इस दौरान पूर्व विधायक व अमृतसर ग्रामीण के भाजपा जिलाध्यक्ष अमरपाल सोनी भी उनके साथ रहे। पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब के प्रति अपनी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता दर्शाते हुए स्वयं प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया है और 1600 करोड़ रुपए का विशेष राहत पैकेज घोषित किया है। इस पैकेज से न केवल तात्कालिक राहत कार्यों को गति दी जाएगी, बल्कि दीर्घकालिक पुनर्वास और आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से खाद्य सामग्री, दवाइयां, स्वच्छ पेयजल, अस्थायी आवास आदि राहत सामग्री की आपूर्ति और क्षतिग्रस्त मकानों व फसलों के मुआवजे की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ टीमों द्वारा लगातार सर्वेक्षण कर नुकसान का आकलन किया जा रहा है और योजनाएं बनाई जा रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि धन और संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत 50 दिनों का अतिरिक्त रोजगार दिया जाएगा। जिनके घर क्षतिग्रस्त हुए हैं या बह गए हैं, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नए मकान बनाकर दिए जाएंगे। केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों की सभी योजनाओं का पूरा सहयोग मिलेगा। इस दौरे के उपरांत केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान भाजपा मंडल अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह के निवास, गांव रामदास पहुंचे। इस मौके पर पूर्व विधायक अमरपाल सिंह बोनी, किसान मोर्चा के करनाल सिंह, मनिंदर सिंह, रमन जुल्का, सुखदेव सिंह, मिंटू जुल्का, सतनाम सिंह, अमर सिंह आदि उपस्थित रहे।


