अमृतसर में एक ऐसी घटना सामने आई है जो लोगों की धार्मिक आस्था और लापरवाही के बीच के विरोधाभास को उजागर करती है। शहर के शिवाला बाग भाईया मंदिर के चौक पर, एक धार्मिक कार्यक्रम का फ्लेक्स बोर्ड लगा हुआ है, जिस पर भगवान श्रीराम की तस्वीर छपी है। विडंबना यह है कि इसी फ्लेक्स बोर्ड के पास कूड़े का ढेर लगा है। यह तस्वीर कई सवाल खड़े करती है। सबसे पहले, उन लोगों पर जो धार्मिक आयोजनों के लिए ऐसे फ्लेक्स बोर्ड लगाते हैं, उन्हें यह सोचना चाहिए कि वे उन्हें किस जगह लगा रहे हैं। चौक के बीच में लगे ऐसे बोर्डों पर गंदगी फेंकने से भगवान की तस्वीर का अनादर होता है। दूसरी तरफ, उन लापरवाह लोगों का व्यवहार भी निंदनीय है, जो कहीं भी कूड़ा फेंक देते हैं, बिना यह देखे कि वह जगह धार्मिक महत्व रखती है। वे अपनी सुविधा के लिए देवी-देवताओं और धर्मगुरुओं का अनादर करने से भी नहीं हिचकते। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे लोग अपनी जिम्मेदारी नहीं समझते। यह जरूरी है कि फ्लेक्स बोर्ड लगाने वाले आयोजक भी इस बात का ध्यान रखें और आम लोग भी अपनी जिम्मेदारी समझें, ताकि धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचे और शहर स्वच्छ रहे।


