छत्तीसगढ़ में 6 साल बाद होगी 625 असिस्टेंट-प्रोफेसरों की भर्ती:सरकारी कॉलेजों में भर्ती के लिए वित्त विभाग से मंजूरी, इसमें 25 क्रीड़ा अधिकारी पद भी

छत्तीसगढ़ के शासकीय कॉलेजों में छह साल बाद असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती होगी। इसका रास्ता साफ हो गया है। इसके 25 क्रीड़ा अधिकारी और 50 ग्रंथपाल की भर्ती होगी। इसके लिए शासन से अनुमति मिल गई है। भर्ती के लिए इसी महीने सीजीपीएससी को प्रस्ताव जाएगा। इससे पहले 2019 में 1384 पदों के लिए वैकेंसी निकली थी। इधर, उच्च शिक्षा विभाग के प्रस्ताव पर वित्त विभाग ने कुल 700 पदों पर भर्ती की अनुमति दी है। इसे लेकर संभावना है कि जल्द ही वैकेंसी निकलेगी। अ​सिस्टेंट प्रोफेसर के अलावा स्पोर्ट्स ऑफिसर और ग्रंथपालों की भी लंबे समय के बाद भ​र्ती निकलेगी। भर्ती को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह निर्णय प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उच्च शिक्षा संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण वातावरण निर्मित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। कॉलेजों में 700 पदों पर भर्ती होने से न केवल महाविद्यालयों में शैक्षणिक स्तर सुदृढ़ होगा, बल्कि विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और सीखने के अवसर भी प्राप्त होंगे। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि शासकीय महाविद्यालयों में 700 पदों पर भर्ती की स्वीकृति बड़ा निर्णय है। इस पहल से एक ओर जहां युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे, वहीं दूसरी ओर प्रदेश की उच्च शिक्षा प्रणाली को नई मजबूती मिलेगी। 335 कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 2302 पद खाली
प्रदेश में 335 सरकारी कॉलेज हैं। पिछले कुछ वर्षों में इनकी संख्या बढ़ी है, लेकिन इसकी तुलना में असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती नहीं हुई है। इन कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 5335 पद स्वीकृत हैं। इसमें से 3033 भरे और 2302 खाली है। सबसे ज्यादा कॉमर्स के पद खाली गवर्नमेंट कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के दो हजार से अधिक पद खाली हैं। इसमें सबसे अधिक करीब ढ़ाई सौ पद कॉमर्स के लिए है। मैथ्स, इंग्लिश, हिंदी, बॉटनी, जूलॉजी, केमेस्ट्री, फिजिक्स में असिस्टेंट प्रोफेसर के डेढ़ सौ से अधिक पद रिक्त है। राजनीति विज्ञान और समाजशास्त्र में 100 से अधिक पर खाली है। इसी तरह अर्थशास्त्र समेत कई विभागों के पद रिक्त हैं। 16 वर्षों में तीन बार ही हुई भर्ती प्रदेश में असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती पिछले 16 वर्षों में तीन बार निकली है। 2009 में 32 विषयों में लिए वैकेंसी आई थी, तब 878 पद थे। 2014 में 27 विषयों में 966 पदों के लिए भर्ती आई थी। इसी तरह 2019 में 27 विषयों में 1384 पद थे। अब चौथी वैकेंसी के लिए अनुमति मिली है। पिछले तीनों वैकेंसी से इस बार पद कम हैं।
इस बार कंपीटिशन अधिक पिछली बार 2019 में असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए भर्ती निकली थी। तब 1384 पदों के लिए करीब 25 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इस बार कंपीटिशन बढ़ेगा। क्योंकि, 2019 के बाद कई अभ्यर्थियों ने नेट क्वालिफाई किया, कईयों ने पीएचडी किया है। इसी तरह सीजी सेट 2024 जिसका रिजल्ट कुछ महीने पहले जारी हुआ है। इसमें करीब 6 हजार क्वालिफाई हुए हैं। प्रदेश में शिक्षकों की भर्ती के लिए मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री से लगातार चर्चा की जा रही थी अब अनुमति मिल गई है। इसी महीने पीएससी को प्रस्ताव भेज दिया जाएगा। उम्मीद है कि जल्द ही विज्ञापन जारी होगा। -टंकराम वर्मा, उच्च शिक्षा मंत्री

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *