जामताड़ा में रन फॉर विजन कल , नेत्र जांच व सर्वाइकल कैंसर शिविर लगेगा

भास्कर न्यूज | जामताड़ा जिले में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए 16 सितंबर को तीन बड़े स्वास्थ्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनमें ‘रन फॉर विजन’, निःशुल्क नेत्र जांच शिविर और मेगा सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन अभियान प्रमुख रूप से शामिल हैं। रन फॉर विजन का आयोजन गांधी मैदान, जामताड़ा में सुबह किया जाएगा, जिसमें 300 बच्चे 25-25 के समूह में दौड़ में हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही निःशुल्क नेत्र जांच शिविर और सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन अभियान का आयोजन जेबीसी प्लस-टू उच्च विद्यालय में किया जाएगा। उपायुक्त रवि आनंद ने जानकारी देते हुए बताया कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से जिले के सभी प्रखंडों के लोगों को स्वास्थ्य जांच और उपचार की निःशुल्क सुविधा प्रदान की जाएगी। मेगा महिला स्वास्थ्य शिविर में विमेन डॉक्टर्स विंग की राष्ट्रीय सह अध्यक्ष डॉ. भारती कश्यप की अगुवाई में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की जाएगी। डॉ. कश्यप ने बताया कि उनकी संस्था लगातार स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही है और अधिक से अधिक महिलाओं को इसका लाभ लेना चाहिए। इस अवसर पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. अंसारी की उपस्थिति भी निर्धारित है, जो कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाएगी। उपायुक्त रवि आनंद ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे 16 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रमों में शामिल होकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का सुनहरा अवसर है, जिसका सीधा लाभ आम लोगों को मिलेगा। उपायुक्त ने बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग, नगर निकाय, और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को समय पर सभी तैयारियाँ पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, यातायात प्रबंधन, वाहन पार्किंग, और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा ताकि कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित की जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *