भास्कर न्यूज | चित्तरंजन चित्तरंजन स्थित सरदार पटेल कल्याण कॉम्प्लेक्स में रविवार को बच्चों के लिए टेस्ट सीरीज प्रतियोगिता का आयोजन िकया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई में व्यावहारिक अनुभव देना और उन्हें परीक्षा के लिए पूरी तरह से तैयार करना था। यह पहल हर महीने दो बार की जाती है, जिससे छोटे-छोटे बच्चे लगातार अपने ज्ञान को परख सकें और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें। कार्यक्रम का उद्घाटन ओबीसी एसोसिएशन के अध्यक्ष रजनीश प्रसाद ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, पढ़ाई केवल किताबें पढ़ने तक सीमित नहीं है। असली सफलता तो तब मिलती है, जब हम अपने ज्ञान को परखते हैं। टेस्ट सीरीज़ बच्चों को आत्ममूल्यांकन का अवसर देती है, जिससे वे अपनी कमजोरियों और ताकत को समझ पाते हैं। सचिव गुलाब यादव ने बताया कि इस टेस्ट सीरीज़ में कक्षा दो से आठवीं तक के सभी स्कूल के छात्र भाग ले रहे हैं। इसमें अंग्रेजी, गणित, जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान और सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न शामिल होते हैं। सहायक सचिव सुमन कुमार ने बच्चों को प्रतियोगिता में भाग लेने के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि इससे बच्चों में अनुशासन, समय प्रबंधन और स्वस्थ प्रतियोगिता की भावना विकसित होती है। कार्यक्रम का संचालन कार्यालय सचिव विवेक कुमार सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि इस बार प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम से दसवें स्थान तक के बच्चों को पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इस पहल से न केवल बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ रहा है, बल्कि उन्हें परीक्षा जैसे माहौल में अनुभव भी प्राप्त हो रहा है, जिससे उनके भीतर परीक्षा का भय समाप्त होता जा रहा है। इस आयोजन में ओबीसी एसोसिएशन के अन्य सदस्यगण भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अधिकारियो और कर्मचारियों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के अनेक बच्चे भी उत्साहपूर्वक भाग लेने आए थे।


