सीएम ने प्रशासन और विज्ञान भारती के मध्य समझौता ज्ञापन हस्तांतरित किया

भास्कर न्यूज | जशपुरनगर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री बगिया कैम्प कार्यालय में जिला प्रशासन एवं विज्ञान भारती के मध्य एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन हस्तांतरित किया। इस समझौते का उद्देश्य जिले में विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास करना तथा उन्हें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जोड़ना है। इस पहल के अंतर्गत विद्यालयों में विज्ञान शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न अभिनव कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि विज्ञान भारती पूर्व से ही जिले में कई गतिविधियों में सहयोग कर रही है, जिनमें- स्पेस ऑन व्हील कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान का अनुभव कराना, विज्ञान क्लबों की स्थापना द्वारा विद्यार्थियों की जिज्ञासा और नवाचार को बढ़ावा देना और विद्यार्थी विज्ञान मंथन जैसी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को विज्ञान, गणित और प्रौद्योगिकी की ओर प्रेरित करना शामिल है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि यह समझौता जिले के विद्यार्थियों के लिए नए अवसर खोलेगा। वैज्ञानिक दृष्टिकोण से लैस नई पीढ़ी ही आत्मनिर्भर भारत और विज्ञान निष्ठ समाज की नींव रखेगी। जशपुर जिला प्रशासन एवं विज्ञान भारती का यह संयुक्त प्रयास न केवल विद्यालयी शिक्षा को सुदृढ़ करेगा, बल्कि विद्यार्थियों को विज्ञान एवं नवाचार की दुनिया में नई उड़ान भी देगा। इस दौरान कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार भटनागर सहित अन्य उपस्थित रहे। बगिया कैंप कार्यालय में सुनी लोगों की समस्याएं सीएम ने शनिवार को अपने गृह ग्राम बगिया स्थित सीएम कैंप कार्यालय में आमजनों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके निराकरण के लिए तत्काल निर्देश दिए। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मुख्यमंत्री से मिले और अपनी मांगों एवं समस्याओं को प्रस्तुत किया। कुछ मामलों में त्वरित समाधान के लिए लोगों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। जनदर्शन में आए ग्रामीणों, महिलाओं, किसानों, छात्रों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक व्यक्ति की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित विभागीय अधिकारियों को कार्यवाही करने के निर्देश दिए। सीएम के समक्ष विशेष रूप से स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, सड़क, जनसुविधाओं और विभिन्न योजनाओं से संबंधित मांगे और समस्याओं से संबंधित आवेदन आए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *