डही नगर के 50 वर्ष पुराने शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन को तोड़कर उसके स्थान पर सीएम राइज विद्यालय भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। जिले में बात की जाए तो डही में सबसे देरी से भवन निर्माण का कार्य शुरू हुआ है, जबकि कई विकासखंड में सीएम राइज विद्यालय के भवन के कमरे तक बन चुके हैं। डही में बनने वाले सीएम राइज विद्यालय भवन की कुल लागत 26 करोड़ 63 लाख रुपए है। यह चार एकड़ में चार मंजिला बनेगा। 18 माह में बनना है भवन गुजरात की निर्माण एजेंसी द्वारा भवन निर्माण का कार्य किया जा रहा है। इसका अनुबंध 1 मार्च 2024 से 5 सितंबर 2025 तक भवन को बनाने के लिए किया गया है। वर्षाकाल को छोड़कर 18 माह में भवन पूर्ण करने के निर्देश हुए हैं। यह रहेगी सुविधा डही में बनने वाले भवन में 40 से अधिक क्लास रूम के साथ 5 लैबोरेट्री, 3 लाइब्रेरी, एक ऑडिटोरियम भी बनाया जाएगा। नवीन भवन में कार्यालय, स्वागत कक्ष, वेटिंग रूम, कैफेटेरिया, रसोई घर, स्टाफ रूम, डाइनिंग, मॉर्डन स्टाइल के प्रसाधन कक्ष, फुटबॉल मैदान, जौगिंग ट्रेक, बैडमिंटन कोर्ट, कार व साइकिल पार्किंग सहित किड्स ग्राउंड का भी प्रावधान किया गया है। बच्चों को शासकीय स्कूलों में बेहतर शिक्षा दिलाने के लिए सीएम राइज विद्यालय बनाए जा रहे हैं। इसके बनने से आदिवासी अंचल डही के विद्यार्थियों को सर्व सुविधा युक्त शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी। बता दें कि सीएम राइज स्कूल शासन की महत्वाकांक्षी योजना है।


