धनबाद के झरिया थाना क्षेत्र के उपर कुल्ही स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से 40 लाख रुपए के चिकित्सीय उपकरण और सामान चोरी का मामला सुलझा लिया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 12 सितंबर को दर्ज मामले में झरिया थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया। टीम ने छापेमारी कर चोरी का सामान बरामद कर लिया है। बरामद सामान में सीबीसी मशीन, टू नेट मशीन, बायोमेट्रिक्स मशीन, बीपी मशीन और बाइनोकुलर माइक्रोस्कोप शामिल हैं। इसके अलावा वजन मशीन, हिमोग्लोबिन जांच मशीन, एलजी फ्रिज, स्टेथोस्कोप और विभिन्न मेडिकल उपकरण भी मिले हैं। मरीजों के लिए रखी गई खाद्य सामग्री जैसे दालें, मूंगफली, गुड़ और सोयाबीन भी बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपी शमशेरनगर, ईमामबाड़ा के पास रहने वाले मो.सोनू उर्फ मुर्तजा और मो.शमशाद उर्फ भोन्टा हैं। सिंदरी एसडीपीओ आशुतोष कुमार सत्यम के अनुसार चोरी का सामान दो अलग-अलग स्थानों से बरामद किया गया है। पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है।


