करनाल में एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। राजस्थान में देव दर्शन के दौरान तबीयत बिगड़ने से महिला की मौत बताई जा रही है, लेकिन परिजन हत्या का भी संदेह जता रहे हैं और मौत के कारणों की जांच की मांग कर रहे हैं। वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज भिजवाया। जिसके बाद पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर परिजनों ने जमकर हंगामा किया, जिसे पुलिस ने शांत कराया। हंगामा दाह संस्कार को लेकर हुआ कि दाह संस्कार ससुराल में होगा या फिर मायके में। अब पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण साफ हो पाएगा। राजस्थान दर्शन के दौरान बिगड़ी तबीयत
मृतका की पहचान करनाल की भगत सिंह कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय रीना के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, रीना अपने पति बाबा वेदपाल और संगत के साथ 13 सितंबर को राजस्थान बागड़ के मेले में गई थी। वहीं 14 सितंबर को उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। जिसके बाद उसे करनाल लाया गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना से मचा हड़कंप
थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि 15 सितंबर की सुबह डायल 112 पर कॉल आई थी, जिसमें कहा गया कि महिला की हत्या उसके पति ने की है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए करनाल लाया गया। एसएचओ के अनुसार, मृतका के परिवार की शिकायत पर पोस्टमॉर्टम कराया गया है।
रिपोर्ट एफएसएल मधुबन भेजी गई है। एफएसएल की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। पुलिस का कहना है कि मृतका के शरीर पर किसी भी तरह की चोट का निशान नहीं मिला है। दाह संस्कार को लेकर मचा विवाद
पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर परिजनों ने हंगामा किया। विवाद इस बात पर हुआ कि दाह संस्कार मृतका का मायके में होगा या ससुराल में। इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और लोगों को शांत कराया। पुलिस के मुताबिक, मृतका के परिजनों का कहना है कि वे मौत के सही कारण जानना चाहते हैं। उनका आरोप है कि पूरे मामले में संदेह है, इसलिए पुलिस सच्चाई सामने लाए। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि एफएसएल की रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


