बिलासपुर जिले के तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह की जन्मदिन के स्वागत के दौरान भीड़ में पॉकिटमार पहुंच गए। इस दौरान समर्थकों व कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे पॉकिटमारी ने कई नेताओं व कार्यकर्ताओं के जेब काट दिए और हजारों रुपए पार कर दिए। जिससे कार्यक्रम में अफरातफरी मच गई। हालांकि, पुलिस ने जांच के बाद दो पॉकिटमारों को गिरफ्तार किया है। दरअसल, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह का शनिवार को जन्मदिन था। इस दौरान दोपहर में विधायक सिंह तखतपुर अपने कार्यकर्ताओं व समर्थकों के बीच जन्मदिन मनाने पहुंचे थे। दोपहर में मंडी चौक में कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत की तैयारी की थी। जैसे ही उनका काफिला मंडी चौक पहुंचा, तब समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी के साथ फूल मालाओं से उनका स्वागत किया। इस दौरान जन्मदिन की बधाई देने लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ का फायदा उठाकर पहुंचे पॉकिटमार, कइयों के काटे जेब
इस दौरान स्वागत कार्यक्रम में भीड़ का फायदा उठाकर पाकेटमारों का गैंग पहुंच गया। उन्होंने एक-एक कर कई नेता व कार्यकर्ताओं के जेब काट दिए। स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं को जब इसकी भनक लगी, तब कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। ग्राम बराही निवासी ग्राहक सेवा केंद्र संचालक राजेन्द्र मेरसा ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। उनकी शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। फोटो-वीडियो के जरिए संदेहियों की पहचान, दो गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने समर्थकों से वीडियो-फोटो मंगाए। जिसके आधार पर संदेहियों की पहचान की गई। फिर पुलिस ने उनकी धरपकड़ शुरू कर दी। पुलिस ने करीब आधा दर्जन संदेहियों को पकड़कर पूछताछ की, जिसके बाद एक टीम को कबीरधाम जिले के पंडरिया भेजा गया, जहां से प्रकाश संवरा (23) और हीरू संवरा (22) को पकड़ा गया। दोनों कार्यक्रम के दौरान घटनास्थल के पास मौजूद थे। उनकी तलाशी लेने पर 18 हजार रुपए भी मिले। दोनों ने कुछ लोगों के पॉकिटमारी करना स्वीकार किया, जिस पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दर्जन भर नेता व कार्यकर्ता हुए पॉकिटमारी के शिकार
बताया जा रहा है कि स्वागत कार्यक्रम के दौरान राजेंद्र मेरसा के अलावा दिलीप तोलानी, डॉ. अश्वनी गुप्ता, प्रमोद निर्मलकर, परमानंद धुरी के साथ ही दर्जन भर नेताओं व कार्यकर्ताओं की जेबें काटी गई है। हालांकि, कइयों ने इसकी शिकायत तक नहीं की है। पुलिस के अनुसार बदमाशों ने करीब 40 हजार रुपए पार किया है। इस मामले में एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।


