पूर्व सरपंच ने दिखाया धौंस…पुलिस ने सिखाया सबक:बिलासपुर में वाहन चेकिंग के दौरान जवानों से की हुज्जतबाजी, पुलिस ने थाने में की जमकर पिटाई

बिलासपुर में वाहन चेकिंग के दौरान पूर्व सरपंच व उसका साथी पुलिसकर्मियों से उलझ गया। इस दौरान दोनों मिलकर पुलिस जवानों को धौंस दिखाते हुए हंगामा मचाने लगे। इससे नाराज पुलिसकमियों ने थाने ले जाकर उनकी जमकर पिटाई की, जिसके बाद उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई। मामला तारबाहर थाना क्षेत्र का है। सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर शनिवार की रात पाइंट लगाकर वाहनों की जांच की जा रही थी। इस दौरान तारबाहर क्षेत्र के श्रीकांत वर्मा मार्ग में पुलिस की टीम वाहनों की जांच कर रही थी। तभी लिंगियाडीह का पूर्व सरपंच अनिल राठौर अपने साथी प्रतीक तिवारी के साथ वहां से गुजर रहा था। जवानों ने उन्हें रोककर पूछताछ शुरू की। इससे नाराज होकर पूर्व सरपंच जवानों से हुज्जतबाजी करने लगा। जवानों को दिखाया धौंस, धक्का मुक्की भी की
इस पर जवानों ने दोनों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन, शराब के नशे में दोनों कार से उतर गए। फिर पुलिस जवानों से धक्कामुक्की करते हुए झूमाझटकी करने लगे। उनकी हरकतों को देखकर पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया, जिसके बाद दोनों को थाने ले गए। जहां, पूर्व सरपंच अपनी पहुंच का धौंस दिखाते हुए पुलिसकर्मियों को देख लेने की धमकी देने लगा। इससे नाराज पुलिसकर्मियों ने उनकी जमकर पिटाई कर दी। रविवार को दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर कोर्ट में पेश किया गया। सोशल मीडिया में वायरल हुआ वीडियो
पुलिस की जांच के दौरान पूर्व सरपंच अनिल राठौर के इस हरकतों का किसी ने वीडियो बना लिया, जिसके बाद उसे सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। वीडियो में अनिल राठौर पुलिसकर्मियों से झूमाझटकी करते दिख रहा है, जिसे देखकर सीएसपी निमितेश सिंह ने उनके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। चालानी कार्रवाई से बचने नंबर प्लेट पर चिपकाया टेप, 13 बाइक जब्त
रविवार की रात सिविल लाइन व कोतवाली पुलिस की टीम रामसेतु चौक के पास विशेष चेकिंग अभियान चला रही थी। जांच के दौरान 13 बाइक में पर टेप चिपकाकर दिया गया था और कुछ के नंबर प्लेट बदल दी गई थी। पुलिस ने इन गाड़ियों को जब्त कर लिया है। इससे पहले भी पुलिस इस प्रकार की कार्रवाई कर चुकी है। जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ बाइक सवार, विशेषकर छात्र, चालान से बचने के लिए ऐसे अनुचित और अवैध तरीकों का उपयोग करते हैं, जो कि पूर्णतः गैरकानूनी कृत्य है। सीएसपी निमितेश सिंह ने बाइक चालकों को चेतावनी दी है कि वे इस तरह की अवैध एवं अनुचित तरकीबों का उपयोग करने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *