दुर्ग में मेन पाइपलाइन में लीकेज:हर मिनट सड़क-नाले में बह रहा 10 लीटर से ज्यादा पानी, पिछले एक साल से बनी हुई है समस्या

दुर्ग के मालवीय नगर चौक में मेन राइजिंग पाइपलाइन का लीकेज पिछले एक साल से शहरवासियों के लिए बड़ी परेशानी बना हुआ है। हर बार रिपेयरिंग के बाद कुछ दिनों तक पाइपलाइन सही रहती है, लेकिन फिर से रिसाव शुरू हो जाता है। नतीजा यह है कि हर मिनट करीब 10 लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। इसके साथ ही ज्यादा बारिश होने की स्थिति में नाले में भरने वाला गंदा पानी भी कभी-कभी पाइप के जरिए घरों की सप्लाई में जाने लगता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि करीब एक साल से यह लीकेज है। लेकिन निगम आज तक इसका स्थायी समाधान नहीं कर सका है। शिकायत पर मेंटेनेंस का काम किया जाता है, लेकिन कुछ दिन के बाद फिर वही स्थिति बन जाती है। निगम ने अब तक केवल औपचारिक कार्रवाई की है। स्थायी समाधान न मिलने से एक साल से लाखों लीटर पानी बर्बाद हो चुका है। 600 एमएम डायमीटर की मेन पाइपलाइन मालवीय नगर चौक में 600 एमएम डायमीटर की मेन राइजिंग पाइपलाइन पिछले लंबे समय से लीकेज है। मरम्मत में हो रही देरी से रिसाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इस पाइप से जुड़े दो और पाइपलाइनों से पानी की टंकियां भी नहीं भर पा रही हैं। इसका सीधा असर घरों तक होने वाली जलापूर्ति पर पड़ रहा है। कई इलाकों में होता है लीकेज का असर लीकेज का असर पद्मनाभपुर, शक्ति नगर, हनुमान नगर, गिरधारी नगर, शंकर नगर और शनिचरी बाजार पानी टंकी से जुड़े इलाकों पर सीधा पड़ता है। स्थानीय लोग बताते हैं कि बारिश की शुरुआत से ही लगातार लीकेज और अन्य तकनीकी गड़बड़ियों के कारण पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। स्वास्थ्य संबंधी खतरा यहां पर स्थिति ये है कि लीकेज के पानी से लोग नहाने और कपड़े धोने का कार्य करने लगे हैं। यहीं पर मछली पकड़ने वाले लोगों ने बताया कि लीकेज का पानी ज्यादा प्रेशर होने पर सड़कों पर बहने लगता है। वहीं आस-पास के व्यापारियों का कहना है कि यदि इस लीकेज को तुरंत नहीं रोका गया तो नाले का दूषित पानी सप्लाई में मिलना शहरवासियों के लिए गंभीर स्वास्थ्य खतरा साबित हो सकता है। इस मामले में जब दुर्ग नगर निगम की महापौर से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने इस विषय पर बात करना भी मुनासिब नहीं समझा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *