जिद बनते जा रहे लेटेस्ट फोन, नहीं मिलने पर परिवार में झगड़े

आजकल सोशल मीडिया और दिखावे के चक्कर में बच्चों से लेकर युवाओं और हाउसवाइफ तक महंगे फोन की होड़ में लग गए हैं। हाल ही में नया आईफोन लॉन्च होते ही 1 लाख 80 हजार की कीमत का फोन पाने के लिए भी काफी क्रेज देखा जा रहा है। हालत यह है कि 17-18 साल के बच्चे घर में तोड़फोड़ कर रहे हैं। नौजवान अपनी कम सैलरी छोड़कर कर्ज में डूबने को तैयार हैं और महिलाएं सहेलियों से पीछे न रहने के लिए पति से झगड़े करने पर उतारू हैं। लेटेस्ट मोबाइल की यह चाहत अब शौक नहीं रही, बल्कि एक खतरनाक लत बन चुकी है। माता-पिता का समझाना भी बेअसर हो रहा है और घरों का माहौल तनाव और झगड़े से भरता जा रहा है। शहर के मनोचिकित्सक, काउंसलर और साइकोलॉजिस्ट के पास हर महीने ऐसे 25 से 30 केस पहुंच रहे हैं, जिनमें युवा हो या महिलाएं मोबाइल के लिए हंगामा और दबाव बना रहे हैं। बचत पर भरोसा करें, सोशल प्रेशर से बचें: मनोचिकित्सक मनोचिकित्सक डॉ. राघव अरोड़ा ने कहा कि महंगे फोन का यह जुनून अब एडिक्शन बन चुका है। हर महीने 25 से 30 केस ऐसे आते हैं जहां लोग दिखावे और सोशल प्रेशर में आकर फोन लेने की जिद करते हैं। यह प्रवृत्ति न केवल आर्थिक नुकसान करती है, बल्कि परिवारों का मानसिक संतुलन भी बिगाड़ रही है। किसी भी चीज को जरूरत के हिसाब से ही खरीदें, वरना ये शौक घर-परिवार और रिश्तों पर भारी पड़ सकते हैं। क्योंकि लेटेस्ट मोबाइल के दिखावे का यह फैशन नहीं, बल्कि खतरनाक लत का रूप है, जो रिश्तों, आर्थिक हालात और मानसिक शांति तीनों को तबाह कर रहा है। केस 1 : नया लॉन्च आईफोन लेने की जिद, न मानने पर घर में तोड़फोड़ : 17 साल का एक युवक नया लॉन्च हुआ आईफोन मांग रहा था। घरवालों के न मानने पर घर में तोड़फोड़ करने लगा। माता-पिता ने समझाया कि उसके पास पहले से बढ़िया फोन है, लेकिन वह नहीं माना। डिलीवरी शुरू होने की खबर सुनते ही उसने हंगामा किया और आखिरकार मजबूर होकर माता-पिता डॉक्टर तक पहुंचे। केस 2 : 15 हजार सैलरी, डेढ़ लाख का फोन, ताकि गर्लफ्रेंड को इंप्रेस कर सके : हेल्थ सेक्टर में काम करने वाले एक युवक की सैलरी सिर्फ 15 हजार है, लेकिन उसके पास डेढ़ लाख का मोबाइल है। आधी से ज्यादा सैलरी इसी की किश्तों पर खर्च कर देता है। जब काउंसलिंग की गई तो उसने कहा कि वह यह सब अपनी गर्लफ्रेंड को इंप्रेस करने के लिए करता है। घर वाले हैरान-परेशान हैं कि इतने पैसों में घर का गुजारा हो या फोन का शौक। केस 3 : महंगे फोन की डिमांड पूरी न होने पर घर से ही चोरी : एक 16 साल का छात्र ने अमीर दिखने की चाह में इतना अंधापन दिखाया कि जब उसकी महंगे फोन की डिमांड पूरी नहीं हुई तो उसने घर से ही चोरी शुरू कर दी। परिवार ने उसे समझाया कि उनकी हैसियत इतनी नहीं है, लेकिन वह अपनी जिद से पीछे नहीं हटा। केस 4 : हाउसवाइफ का पति पर हर बार नए फोन लाने का दबाव : एक हाउसवाइफ के पास आईफोन, सैमसंग और फ्लिप जैसे महंगे फोन पहले से हैं, फिर भी वह पति पर नए फोन लाने का दबाव डालती रहती है, क्योंकि उसको लगता है कि सहेलियों और रिश्तेदारों में अपडेट रहना जरूरी है। पति का कहना है कि अगर फोन न दिलवाया जाए तो झगड़ा तय है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *