विधायक उसेंडी ने पीएचसी भवन का किया लोकार्पण

भास्कर न्यूज | कोंडागांव बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक लता उसेंडी ने रविवार को शहर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के 1.15 करोड़ की लागत से निर्मित नवीन भवन का फीता काटकर लोकार्पण किया। साथ ही 07 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए गैस कनेक्शन और चूल्हा वितरित किए। इस दौरान कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। विधायक ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा प्रयास है कि जिला मुख्यालय और दूरस्थ अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाए। छत्तीसगढ़ राज्य के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं और इन वर्षों में विकास के पथ पर आगे बढ़ते हुए स्वास्थ्य क्षेत्र में भी लगातार सुधार हुआ है। इसी कड़ी में शहरवासियों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन की सौगात मिली है, जहां बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। विधायक ने जिले को एनीमिया मुक्त करने के लिए प्रारंभिक स्तर से ही सभी विद्यालयों में बालिकाओं की शत प्रतिशत जांच सुनिश्चित कर कार्य करने पर जोर दिया। साथ ही मलेरिया के रोकथाम के लिए भी मिलकर कार्य करने की आवश्यकता बताई। नगरपालिका के अध्यक्ष नरपति पटेल ने कहा कि शहर के मध्य में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नवीन भवन में नई सुविधाओं का लाभ नगरवासियों को मिलेगा। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नए भवन में नई ऊर्जा के साथ कार्य करें। नए भवन के शुभारंभ पर स्वास्थ स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से जिला अस्पताल में दबाव कम होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *