राज्य में स्कूल घट रहे, शराब दुकानें बढ़ रहीं: कमरो

मनेंद्रगढ़ | प्रदेश के उद्योग एवं आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन द्वारा जिले में प्रीमियम शराब दुकान खोलने की घोषणा के बाद राजनीति गरमा गई है। इस बयान पर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और भाजपा सरकार पर प्रदेश के भविष्य से खिलवाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया है। गुलाब कमरो ने कहा कि प्रदेश को शिक्षा और उद्योगों की जरूरत है, लेकिन सरकार नशे को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उद्योग मंत्री उद्योग लगाने की बजाय प्रीमियम शराब दुकानों की बात कर रहे हैं, जो प्रदेश के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ है। पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि सरकार अवैध और मिलावटी शराब पर प्रतिबंध नहीं लगा पा रही है, जबकि पूरे प्रदेश में इनकी बिक्री हो रही है। कमरो ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि अब यह सरकार शराब की शौकीन बन चुकी है, जिससे अपराध, घरेलू हिंसा और सड़क हादसों में वृद्धि हो रही है। उन्होंने जनता से अपील की कि शराब नीति का विरोध करें और शिक्षा व उद्योगों को प्राथमिकता देने वाली नीतियों की मांग करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *