धौलपुर जिले के कंचनपुर थाना क्षेत्र के सैंपऊ में दुर्वास बालाजी मंदिर के पास पार्वती नदी में स्नान के दौरान एक ही परिवार के पांच लोग डूब गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि युवक का शव दूसरे दिन मंगलवार सुबह बाहर निकाला गया है। बसेड़ी के मठ धोर्र से आए ऋषि गोस्वामी (46), उनकी पत्नी गुड्डी (43), बेटा सचिन (22), बहू आशु (21) और शिवम (20) पिछले 8 दिनों से मंदिर में शारीरिक और मानसिक उपचार के लिए रुके हुए थे। सोमवार शाम 5 बजे परिवार नदी में स्नान करने गया। स्नान के दौरान सभी गहरे पानी में चले गए। डूबते हुए लोगों की चीख-पुकार सुनकर नदी किनारे मौजूद लोग और भैंस चरा रहे चरवाहे मदद के लिए दौड़े। स्थानीय युवकों ने नदी में कूदकर चार लोगों को बचा लिया। नदी में डूबे पांचवें युवक शिवम गोस्वामी की तलाश देर शाम तक जारी रही। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया। कंचनपुर थाने के हेड कॉन्स्टेबल कपिल शर्मा ने बताया कि मंगलवार सुबह फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। युवक के शव को बाहर निकालकर अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया गया है।


