अमृतसर में क्लिनिक के बाहर नशे बेचते दिखे युवक, VIDEO:पुड़िया जेब में छिपाई, महिलाओं ने देखा; विरोध करने पर भागे

अमृतसर में गली में खुलेआम नशा बिक रहा है, जिसकी तस्वीरें सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई है। गली में 5 युवक खड़े होकर नशे की पुड़िया बेच रहे थे। यह सब एक डॉक्टर के क्लिनिक के बाहर हो रहा था, जहां नशा खरीदने वाले आते-जाते नजर आ रहे थे। घटना थाना कोट खालसा के अंतर्गत राम नगर कॉलोनी, गली नंबर 4 की है। स्थानीय महिलाओं ने जब युवकों को नशा बेचते देखा तो वे तुरंत मौके पर पहुंची और उनका विरोध किया। महिलाओं ने उन्हें खरी-खोटी सुनाई, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग खड़े हुए। स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे के कारोबार से क्षेत्र की सुरक्षा और बच्चों का भविष्य खतरे में है। गौरतलब है कि सरकार और प्रशासन नशे के खिलाफ अभियान चलाकर युवाओं को नशे से दूर रखने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। गलियों में छोटे-छोटे समूह बनाकर नशा बेचा जा रहा है, जिससे न केवल सामाजिक माहौल खराब हो रहा है बल्कि युवाओं की जिंदगियां भी बर्बाद हो रही हैं। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन नहीं जागा तो यह समस्या और बढ़ सकती है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। अब देखना यह है कि पुलिस कब तक इन युवकों को काबू कर नशे के इस कारोबार पर रोक लगा पाती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *