छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक व्यक्ति बाइक समेत तेज बहाव में बह गया। यह घटना नगरी ब्लॉक के सिंगपुर पठार के पास स्थित बेद्राचुआ रपटे पर हुई। घटना का लाइव वीडियो कैमरे में कैद हो गया। 15 सितंबर को जब एक व्यक्ति रपटे को बाइक से पार कर रहा था, अचानक पानी का बहाव तेज हो गया। व्यक्ति बाइक समेत बह गया। हालांकि, तैरना जानने की वजह से वह सुरक्षित बाहर निकल आया। लोगों ने किया मना, लेकिन युवक नहीं रुका प्रत्यक्षदर्शी पीटीआई वीरेंद्र साहू ने बताया कि वह दुगली खेल से बच्चों को लेकर लौट रहे थे। रपटा पार करने के बाद पानी अचानक बढ़ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बाइक सवार को मना किया। लेकिन वह नहीं रुका और बह गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस रपटे से बेद्राचुआ और मूलगांव के करीब 30 बच्चे स्कूल जाते हैं। जंगल क्षेत्र होने के कारण बारिश के दिनों में यहां पानी का बहाव अचानक बढ़ जाता है। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पानी कम होने के बाद मिली बाइक ग्रामीणों का कहना है कि यहां पानी का बहाव जितनी तेजी से बढ़ता है, उतनी ही तेजी से कम भी हो जाता है। माना जा रहा है कि पानी कम होने के बाद बाइक मिल गई होगी। इस घटना के बाद प्रशासन से पुल निर्माण की मांग की जा रही है।


