बिलासपुर जिले के टाटीधार, खोंगसरा, मोहली, आमागोहन और तुलुफ गांव के सरपंचों ने कलेक्टर संजय अग्रवाल से मुलाकात की। सरपंचों ने गांव में सहकारी बैंक की शाखा खोलने की मांग की है। कलेक्टर के साप्ताहिक जनदर्शन में 100 से ज्यादा लोग पहुंचे। जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल और निगम आयुक्त अमित कुमार ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं। पांच गांव के सरपंचों ने बताया कि गांवों से सहकारी केंद्र बैंक बहुत दूर है। धान बेचने के बाद पैसे लेने के लिए उन्हें 60-70 किलोमीटर दूर करगीरोड कोटा जाना पड़ता है। करगीरोड की बैंक शाखा में भीड़ भी बहुत रहती है। इससे लोगों को परेशानी होती है। सरपंचों ने बिजली और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं भी कलेक्टर को बताईं। स्कूल की बाउंड्री वॉल बनाने की मांग खोंगसरा के जनपद सदस्य कांति मरावी ने स्कूल की बाउंड्री वॉल बनाने की मांग की। उन्होंने बताया कि हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी और प्राथमिक शाला एक ही परिसर में हैं। बाउंड्री न होने से बाहरी लोग और पशु आसानी से स्कूल में घुस जाते हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। हेमूनगर के लोगों ने भी की शिकायत वहीं, हेमूनगर के लोगों ने कलेक्टर से मिलकर गली में जल निकासी, प्रवेश मार्ग की खराब स्थिति और सड़क पर बढ़ते अतिक्रमण के संबंध में अवगत कराया। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण के कारण गलियां और सड़कें काफी संकरी हो गई हैं। इससे एम्बुलेंस, कचरा गाड़ियां जैसे वाहनों की आवाजाही में भारी दिक्कत हो रही है। जिस पर कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त को कार्रवाई करने कहा। पीएम आवास राशि गबन की जांच के निर्देश जनदर्शन में पहुंची ग्राम कुआं नगारडीह निवासी अमरौतिन बाई कुर्रे ने शिकायत की कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें आवास आबंटित किया गया। लेकिन जारी किश्त की राशि आज तक उनके खाते में नहीं आई है। उन्होंने सरपंच, सचिव और आवास मित्र पर राशि गबन करने का आरोप लगाया। कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ को जांच कर रिपोर्ट देने कहा है।


