कांग्रेस जांच दल ने कहा-कोयला खदान से खतरे में रामगढ़:स्थानीय लोगों ने कहा-ब्लास्टिंग के दौरान हिलता है पहाड़, आ रही दरारें,भाजपा ने दी है क्लीन-चिट

छत्तीसगढ़ के सरगुजा में ऐतिहासिक महत्व के रामगढ़ पहाड़ से लगे हसदेव एरिया में नए कोयला खदान की स्वीकृति के कारण संभावित खतरे के अध्ययन के लिए मंगलवार को कांग्रेस का दल रामगढ़ पहुंचा। कांग्रेस दल ने स्थानीय लोगों, मंदिर के पुजारी एवं स्थानीय नागरिकों से बात की। स्थानीय लोगों के साथ मंदिर के पुजारी ने कहा कि कोयला खदान में ब्लास्टिंग से रामगढ़ का पहाड़ हिलता है, पत्थरों में दरारें आ रही हैं। इससे पहले भाजपा के प्रदेश स्तरीय अध्ययन दल ने कहा था कि खदान से रामगढ़ को कोई खतरा नहीं है। रामगढ़ से लगे हसदेव क्षेत्र में केते एक्सटेंशन कोल ब्लॉक के लिए फारेस्ट लैंड डायवर्सन की अनुमति दिए जाने के बाद पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री को पत्र खिलकर रामगढ़ के अस्तित्व को खतरे में बताया है। सिंहदेव ने पत्र में बताया है कि डीएफओ ने एएसआई द्वारा संरक्षित रामगढ़ पहाड़ एवं ऐतिहासिक रामगढ़ से खदान की दूरी को नजर अंदाज करते हुए सीता बेंगरा से 11 किलोमीटर बताई है, जो वास्तव में 10 किलोमीटर से कम है। पूर्ववर्ती कलेक्टर झा द्वारा दी गई गलत रिपोर्ट से PKEB माइंस खुली है। कांग्रेस के अध्ययन दल ने किया दौरा
रामगढ़ पहाड़ के संभावित खतरे को लेकर भाजपा के अध्ययन दल द्वारा क्लीन चिट दिए जाने के बाद कांग्रेस के जांच दल ने मंगलवार को रामगढ़ का दौरान किया। रामगढ़ पहाड़ में जांच दल ने पत्थरों में आई दरारें देखीं, जिसमें वनविभाग ने खतरे का अंदेशा जताते हुए सावधान रहने की वाल राइटिंग कराई है। राममंदिर के पुजारी ने कांग्रेस दल के सामने मीडिया को बयान देते हुए कहा कि जब खदान में ब्लास्टिंग होती है तो रामगढ़ का पहाड़ हिलता है। खदान में ब्लास्टिंग के कारण पत्थरों में दरारें आ रही हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि खदान से रामगढ़ का अस्तित्व खतरे में है। जांच दल ने रामगढ़ संरक्षण एवं संवर्द्धन समिति के सदस्य राजनाथ सिंह, अमृत यादव, नंदा राम, मधु पंडो से भी मुलाकात की। भाजपा अध्ययन दल ने दी है क्लीन चिट
इसके पूर्व भाजपा के अध्ययन दल ने रामगढ़ पर्वत का दौरान किया था। दल में पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, विधायक रेणुका सिंह, भाजपा महामंत्री अखिलेश सोनी के साथ पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल सहित अन्य भाजपा नेता भी शामिल थे। शिवरतन शर्मा ने कहा कि रामगढ़ पहाड़ को खदान से कोई खतरा नहीं है। केते एक्सटेंशन खदान भी दूर खुल रही है। टीएस सिंहदेव रामगढ़ पहाड़ को लेकर राजनीति कर रहे हैं। रामगढ़ की स्थिति चिंताजनक-शफी
जांच दल में शामिल निगम के नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि भाजपा ने जांच दल के पहुंचने के पूर्व ही बता दिया था कि कांग्रेस भ्रम फैला रही है। यहां रामगढ़ की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। स्थानीय लोग कह रहे हैं कि रामगढ़ पर्वत के पत्थरों की दरारें बढ़ रही हैं। कांग्रेस की सरकार के दौरान रामगढ़ की जांच कराई गई थी। WII ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि किसी नए खदान की अनुमति अब न दी जाए, फिर भाजपा सरकार में नए खदान के लिए अनुमति दी जा रही है। कांग्रेस दल में ये रहे शामिल
कांग्रेस के जांच दल में कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, सहित अजय अग्रवाल, निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद, पीसीसी महामंत्री द्वितेन्द्र मिश्रा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अंबिकापुर शहर के अध्यक्ष हेमंत सिन्हा, विनय शर्मा, विनीत विशाल जायसवाल सहित अन्य कांग्रेस नेता शामिल थे। जाँच दल के साथ जनपद पंचायत उदयपुर के अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह, सत्येन्द्र सिंह, अमित सिंहदेव, अनिल सिंह, अनूप मेहता, गुरुप्रीत सिद्धू, विकल झा, सतीश बारी, विकास शर्मा, वीरेंद्र सिंह, सतीश यादव, रोहित टेकाम, त्रिलोचन सिंह आदि मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *