केकड़ी के रामपाली में चारागाह पर अवैध खनन:पटवारी के पहुंचने पर जेसीबी और ट्रैक्टर लेकर भागे खनन माफिया

केकड़ी के रामपाली गांव में चारागाह भूमि पर अवैध खनन का मामला सामने आया है। अवैध खनन को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन को शिकायत दी थी। शिकायत पर राजस्व विभाग के पटवारी रविन्द्र मीणा मौके पर पहुंचे। इस दौरान अवैध खनन माफिया जेसीबी मशीन की मदद से ट्रेक्टर में कंक्रीट भरकर चारागाह में अवैध खनन कर रहा था। पटवारी के मौके पर पहुंचने के बाद अवैध खनन माफिया जेसीबी मशीन और ट्रेक्टर को लेकर फरार हो गया। मिली जानकारी के मुताबिक रामपाली गांव की चाराागाह भूमि पर पिछले काफी समय से अवैध खनन किया जा रहा था। अवैध खनन के कारण करीब 50 बीघा के लगभग चारागाह भूमि को खननकर्ताओं ने समाप्त कर दिया। चारागाह भूमि में जगह-जगह गहरे गड्ढे कर दिए हैं। जिसकी वजह से पशुओं को चराने में आ रही है। वहीं, गहरे गड्ढों में पानी भरने से हादसों की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने अवैध खनन से परेशान होकर प्रशासन को शिकायत की लेकिन पटवारी के मौके पर आने के बाद अवैध खननकर्ता मौके से जेसीबी और अन्य साधन लेकर भाग गए। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें जिससे की चारागाह भूमि गो वंश के लिए सुरक्षित रह सके। ग्रामीणों ने खनिज विभाग से अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का ये भी कहना है कि रामपाली गांव की चारागाह भूमि पर अवैध खनन माफिया कंक्रीट का खनन करते है। ये कंक्रीट सड़क निर्माण के लिए अवैध खननकर्ता महंगी रेट पर बेचते है। पिछले काफी दिनों से यहां पर खुलेआम अवैध खनन किया जा रहा है। राजस्व विभाग के पटवारी का कहना है कि रामपाली में अवैध खनन की शिकायत मिली थी। मौके पर जेसीबी और ट्रेक्टर से अवैध खनन किया जा रहा था। अवैध खनन माफिया मौके से भाग गए। जिनकी फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की गई है। मौके पर पर्चा बनाया गया है। गौतम पुत्र धनराज शर्मा के द्वारा अवैध खनन करना पाया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *