SI भर्ती-2021 में चयनित सब-इंस्पेक्टर ने किया सुसाइड:कांग्रेस विधायक का दावा; डिप्रेशन में थे, परिवार से कहा था- अब या तो परीक्षा रहेगी या मैं

सब-इंस्पेक्टर परीक्षा- 2021 में चयनित एक सब-इंस्पेक्टर की मालगाड़ी से कटने से मौत हो गई। दौसा कांग्रेस विधायक दीनदयाल बैरवा का दावा है कि ट्रेनी एसआई राजेंद्र सैनी (30) ने सुसाइड किया है। हालांकि, पुलिस ने अब तक आत्महत्या की पुष्टि नहीं की है। भरतपुर के रहने वाले राजेंद्र का परिवार का कहना है कि परीक्षा कैंसिल होने के बाद से वो डिप्रेशन में थे। उन्होंने दोस्तों के वॉट्सऐप ग्रुप में भी अवसाद वाली एक पोस्ट शेयर की थी। घटना सोमवार रात करीब 10 बजे दौसा रेलवे स्टेशन पर हुई थी। वहीं, परिवार मंगलवार सुबह से दौसा हॉस्पिटल के बाहर विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठा है। धौलपुर पुलिस लाइन में थी पोस्टिंग
जीआरपी के एसआई रतनलाल ने बताया- रात करीब 10 बजे स्टेशन मास्टर ने बताया कि प्लेटफार्म नंबर- 2 के लास्ट में मालगाड़ी से एक जने की मौत हो गई। शव की पहचान राजेंद्र कुमार बल्लभगढ़ (भरतपुर) के तौर पर हुई। ट्रेनी एसआई राजेंद्र धौलपुर पुलिस लाइन में पोस्टेड थे। वे दौसा में कॉम्पिटिशन की तैयार कर रहे भाई से मिलने आए थे। पुलिस अब जांच कर रही है कि वो स्टेशन कब पहुंचे, हादसा था या उन्होंने सुसाइड किया। उनके परिवार से भी पूछताछ की जा रही है। एसआई का मैसेज- क्या करूं कुछ समझ नहीं आ रहा है
जानकारी के अनुसार राजेंद्र ने 3 सितंबर को अपने दोस्तों के साथ वॉट्सऐप ग्रुप में एक पोस्ट शेयर की थी। इसमें लिखा था कि- मैं मेरी शादी करूं या सिस्टर की या आगे पढ़ाई करूं। कुछ समझ नहीं आ रहा है। पापा की तबीयत ऐसी है कि कब स्वर्ग सिधार जाए पता नहीं। इस पोस्ट को पढ़ने के बाद कई साथियों ने राजेंद्र को हिम्मत देने वाले मैसेज किए थे, लेकिन राजेंद्र ने किसी मैसेज का जवाब नहीं दिया। हालांकि कुछ साथियों से मोबाइल पर जरूर बात की थी। डिप्रेशन में होने का दावा
मृतक एसआई के रिश्तेदार ने बताया कि जिस दिन से परीक्षा रद्द हुई थी, वह उसी दिन से डिप्रेशन में था। उसने कहा था कि अब या तो परीक्षा रहेगी या फिर मैं। राजेंद्र के परिवार में 8 भाई-बहन हैं और पूरा खर्च उनकी नौकरी से चलता था। पोस्टिंग के बाद उम्मीद जगी थी कि वह घर की स्थिति में सुधार करेगा, लेकिन अब कुछ नहीं बचा। परिवार का कहना है राजेंद्र घर में अकेला कमाने वाला था, अब किसी एक मेंबर को सरकारी नौकरी दी जाए। परिजनों ने 5 करोड़ का मुआवजा मांगा
राजेंद्र सैनी की मौत के मामले में 20 घंटे बाद भी गतिरोध बना हुआ है। जिला अस्पताल में धरने पर बैठे परिजन मुआवजे समेत कई मांगों पर अड़े हुए हैं। वे मांगें पूरी होने तक शव का पोस्टमॉर्टम नहीं कराने पर अड़े हुए हैं। एसडीएम मूलचंद लूणिया ने मौके पर पहुंच लोगों से वार्ता की तो एक परिजन को नौकरी और राजकीय सम्मान से अंत्येष्टि पर सहमति बनी। परिजनों समेत मौजूद लोगों का कहना है कि जब तक 5 करोड़ मुआवजे का चेक नहीं मिलेगा, तब तक पोस्टमॉर्टम नहीं होगा। ऐसे में अभी तक सहमति नहीं बन पाई है। डोटासरा बोले- सिस्टम ने हत्या की
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राजेंद्र सैनी की मौत को लेकर कहा- सरकार के अनिर्णय की स्थिति के चलते यह स्थिति पैदा हुई है। अगर सरकार समय पर निर्णय लेती तो वह थानेदार आज जिंदा होता। वह मरा नहीं सिस्टम ने उसकी हत्या की है। …. सब-इंस्पेक्टर भर्ती से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… SI भर्ती-2021 रद्द करने के आदेश पर रोक:चयनित एसआई को फील्ड पोस्टिंग नहीं मिलेगी; हाई कोर्ट ने सरकार को नोटिस जारी किए राजस्थान में सब इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती-2021 रद्द करने के आदेश पर रोक लग गई। एकलपीठ के 28 अगस्त के आदेश पर हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने रोक लगाई। पूरी खबर पढ़िए…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *