नवल टाटा अकादमी जमशेदपुर ने कड़े मुकाबले में सुरजीत हॉकी अकादमी को 4-3 से हराया

भास्कर न्यूज | जालंधर हॉकी पंजाब और राउंड ग्लास स्पोर्ट्स द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित पंजाब हॉकी लीग के दूसरे चरण में राउंड ग्लास, नवल टाटा जमशेदपुर, साई सोनीपत और नामधारी अकादमी ने जीत दर्ज की। सुरजीत हॉकी स्टेडियम में हुए पहले मैच में साई सोनीपत ने एसडीएटी तमिलनाडु को 3-0 से हराया। विजेता टीम के लिए हैप्पी, नवराज सिंह और मिथलेश यादव ने गोल किए। सोनीपत के सुनील को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। दूसरे मैच में नामधारी अकादमी ने गुम्हेड़ा हॉकी अकादमी को 2-0 के अंतर से हराया। विजेता टीम के लिए दोनों गोल युवराज सिंह ने किए। नामधारी के मनदीप सिंह को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। तीसरे मैच में, नवल टाटा अकादमी जमशेदपुर ने कड़े मुकाबले के बाद सुरजीत हॉकी अकादमी जालंधर को 4-3 से हराया। विजेता टीम के लिए सबियन कीरो ने दो, आशीष तानी पूर्ति और अफरीदी ने एक-एक गोल किया। जबकि सुरजीत अकादमी के लिए मनमीत सिंह राय, चरणजीत सिंह और अभिषेक गोरखी ने गोल किए। नवल टाटा के अफरीदी को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। चौथे मैच में राउंड ग्लास हॉकी अकादमी ने एसजीपीसी अकादमी अमृतसर को 4-3 से हराया। विजेता टीम के लिए गुरविंदर सिंह, गुरसेवक सिंह, सनी और जपनीत सिंह ने गोल किए, जबकि एसजीपीसी के लिए हरविंदर सिंह ने दो और महकदीप सिंह ने एक गोल किया। मुख्य अतिथि भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान ओलिंपियन मनप्रीत सिंह, ओलिंपियन दिलप्रीत सिंह, ओलिंपियन शमशेर सिंह, ओलिंपियन हार्दिक सिंह थे। इस अवसर पर ओलिंपियन राजिंदर सिंह सीनियर, ओलिंपियन संजीव कुमार, अमरीक सिंह पुआर महासचिव हॉकी पंजाब, अशफाक उल्ला खान, रिपुदमन कुमार सिंह, दविंदर पाल सिंह, हीरा सिंह, सुरिंदर सिंह, डॉ. रणबीर सिंह प्रिंसिपल स्पोर्ट्स कॉलेज जालंधर, वरिंदर प्रीत सिंह, अंगद सिंह कपूर, एचएस संघा, इकबाल सिंह संधू विशेष रूप से उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *