भास्कर न्यूज| धमतरी बीते 48 घंटे से लापता युवती का शव बोड़रा स्थित महानदी नहर में तैरती मिली हैं। 24 वर्षीय सोनल राव सालुंके, जो शहर के विंध्यवासिनी वार्ड में गौशाला मैदान के पीछे रहती थी। वह एक बेकरी फैक्ट्री में काम करती थी, लेकिन 4 दिन पहले उसकी नौकरी छुट गई थी। मंगलवार सुबह लोगों ने नहर में नहाते समय शव देखा। अर्जुनी पुलिस घटना स्थल पहुंचकर शव को नहर से बाहर निकाला गया। पोस्टमार्टम के लिए शव जिला अस्पताल के चीरघर भेज दिया गया, जहां प्रारंभिक रिपोर्ट में युवती की मौत का कारण पानी में डूबना बताया। उसके फेफड़ों में पानी भरने के संकेत मिले हैं। शरीर पर चोट नहीं मिली। जानकारी के मुताबिक मृतका सोनल 14 सितंबर को सुबह 11 बजे घर से निकली थी, लेकिन देर-रात तक वापस नहीं लौटी। उसने जाते समय मोबाइल साथ लिया था, जो अब तक बरामद नहीं हुआ है। 15 सितंबर को परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले में सवाल यह है कि उसने आत्महत्या की या उसके साथ कोई अप्रिय घटना घटी है। जांच के दौरान कई अन्य पहलुओं पर ध्यान देने की जरूरत है, जैसे उसकी नौकरी क्यों छुटी, वह 14 सितंबर को कहां गई और किन लोगों से मिली। सोनल शांति चौक के पास गैस गोदाम सामने स्थित एक बेकरी फैक्ट्री में काम करती थी। कुछ समय से वह घर पर ही रह रही थी और निकलने से पहले किसी को जानकारी नहीं दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अर्जुनी टीआई चन्द्रकांत साहू ने बताया कि मृतका का मोबाइल अब तक नहीं मिला है। मोबाइल का अंतिम लोकेशन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकलने प्रयास जारी हैं, जिससे जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।


