बर्खास्तगी की चेतावनी मिली, तो मांगी इच्छामृत्यु की अनुमति

भास्कर न्यूज| धमतरी धमतरी समेत पूरे प्रदेश में एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल नियमितीकरण सहित 10 मांगों को लेकर जारी है। पिछले 29 दिनों से चले आ रहे इस आंदोलन के कारण स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। राज्य सरकार ने हड़ताली कर्मचारियों को 16 सितंबर की शाम 5 बजे तक काम पर लौटने का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि ऐसा न करने पर उनकी नौकरी से बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, प्रदर्शनकारी स्वास्थ्य कर्मियों ने पहले ही सामूहिक इस्तीफा दिया है। सूत्रों के अनुसार, कुछ कर्मचारी सरकार के इस सख्त निर्देश के बाद सीएमएचओ कार्यालय में काम पर लौटने पहुंचे थे, लेकिन संगठन द्वारा दबाव बनने के कारण बिना ज्वाइनिंग किए ही वापस लौट गए। वहीं, प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर सरकारी फरमान का विरोध जताया। लगभग 550 कर्मचारियों ने सामूहिक इच्छामृत्यु की मांग सरकार के सामने रखी और राज्यपाल के नाम ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। साथ ही 14 मई को आरती यादव की निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इधर हड़ताल का दायरा बढ़ाते हुए प्रदर्शनकारी 17 सितंबर को नगरी में प्रदर्शन करेंगे। फिर 18 सितंबर को जेल भरो आंदोलन होगा। इस हड़ताल के कारण सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर असर पड़ा है। जिला अस्पताल में बीपी और शुगर की जांच पूरी तरह से नर्सिंग छात्राओं के भरोसे चल रही है। 15 सितंबर को राज्य सरकार ने सभी सीएमएचओ को निर्देश जारी किए, जिसमें कहा गया कि यदि हड़ताली कर्मचारी 16 सितंबर की शाम 5 बजे तक काम पर वापस नहीं लौटते हैं, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मानव संसाधन नीति-2018 के खंड 34.2 के तहत एक महीने का नोटिस देने के साथ सेवा समाप्ति की कार्रवाई शुरू की जाए। इसके साथ ही इन पदों पर उत्पन्न रिक्तियों को भरने के लिए नियमानुसार नियुक्ति प्रक्रिया आरंभ करने के आदेश भी दिए गए हैं। हड़ताल से यह काम प्रभावित: एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल के चलते स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ा है। सीएमएचओ डॉ. यूएल कौशिक ने कहा कि राज्य सरकार ने हड़ताल कर रहे कर्मचारियों को 16 सितंबर शाम 5 बजे तक काम पर लौटने का अंतिम मौका दिया था। इस दौरान कुछ कर्मचारी वापस लौट चुके हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *