छतरपुर की किन्नर समाज की गद्दीपति नीतू किन्नर ने सिविल लाइन थाने में एक शासकीय शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। टीकमगढ़ निवासी शिक्षक रूद्र सिंह तोमर पर आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर किन्नर समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की। मामला आगरा के किन्नर समाज से जुड़ा है। समाज ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए सोशल मीडिया पर 25 लाख रुपए की सहायता राशि जुटाने की अपील की थी। इस पर शिक्षक रूद्र सिंह तोमर ने आपत्तिजनक पोस्ट शेयर की। इस टिप्पणी से किन्नर समाज की भावनाएं आहत हुईं। किन्नर समाज ने पहले ही टीकमगढ़ कोतवाली में एफआईआर दर्ज करा दी है। अब छतरपुर में भी कार्रवाई की मांग की गई है। नीतू किन्नर का कहना है कि एक शिक्षक द्वारा समाज को अपमानित करना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की है कि शिक्षक पर कार्रवाई की जाए और वह सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। सिविल लाइन थाना प्रभारी बाल्मीक चौबे ने कहा कि शिकायत मिल गई है और मामले की जांच की जाएगी।


