3-स्टार नर्मदा रिवर व्यू रिसॉर्ट से नर्मदा हो रही दूषित:मिल रहा गंदा पानी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की बिना अनुमति सालों से संचालन

नर्मदापुरम शहर के कोरी घाट के पास नर्मदा किनारे स्थित लग्जरी थ्री स्टार नर्मदा रिवर व्यू रिसॉर्ट पर नर्मदा नदी को दूषित करने का आरोप लगा है। रिसॉर्ट का गंदा पानी सीधे नर्मदा नदी में मिलते पाए जाने पर मप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PCB) ने होटल प्रबंधन को नोटिस थमाया है। खास बात यह है कि यह रिसॉर्ट करीब 12 साल से बिना बोर्ड की अनुमति के संचालित हो रहा है। PCB के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. केएन कटारे ने बताया कि शिकायत के बाद 27 जुलाई को टीम ने रिसॉर्ट का निरीक्षण किया था। टीम को होटल से निकलने वाला दूषित पानी नाली के जरिए सीधे नर्मदा नदी में बहते मिला। परिसर में गंदे पानी के उपचार की कोई यूनिट भी नहीं पाई गई। जांच के लिए लिए गए नमूनों के परिणाम भी निर्धारित मानकों से अधिक मिले। बिना अनुमति चल रहा संचालन नियमों के मुताबिक, किसी भी इकाई को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से संचालन की अनुमति लेनी होती है और हर साल उसका नवीनीकरण कराना पड़ता है। लेकिन निरीक्षण में पाया गया कि नर्मदा रिवर व्यू रिसॉर्ट के पास कोई अनुमति नहीं है। बोर्ड ने इस पर नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। रिसॉर्ट प्रबंधन का पक्ष रिसॉर्ट ऑनर बी.आर. सैनी ने कहा, “गंदा पानी नर्मदा नदी में नहीं मिल रहा, बल्कि नगर पालिका की नालियों में बहता है। हमें PCB की परमिशन लेने की जानकारी नहीं थी। नोटिस मिला है, और उसके अनुसार कार्रवाई की जा रही है। एचटीपी प्लांट लगाने का ठेका एक कंपनी को दिया गया है।” पहले भी हो चुकी कार्रवाई रिसॉर्ट पर पहले भी कार्रवाई हो चुकी है। नगर पालिका ने बिना अनुमति निर्माण कार्य रोकवाया था। अक्टूबर 2024 में आयकर विभाग ने यहां छापामार कार्रवाई कर तीन दिन तक जांच की थी। कई फिल्मी सितारे और उद्योगपति ठहर चुके नर्मदा रिवर व्यू रिसॉर्ट में फरवरी 2017 में अभिनेता ऋषि कपूर निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे और दो दिन तक रुके थे। मार्च 2023 में अभिनेता रघुवीर यादव भी यहां ठहरे थे। कई बड़े उद्योगपति और अफसर भी इस होटल में ठहरते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *