इंदौर के विजय नगर इलाके में रहने वाले एक लॉ स्टूडेंट की मंगलवार रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसकी महिला मित्र उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अक्षत अनारे (21) के रूप में हुई है, जो स्कीम नंबर 54 की एक बिल्डिंग में रहता था। अक्षत के पिता बड़वानी में एडीपीओ (असिस्टेंट डिस्ट्रिक्ट प्रॉसिक्यूशन ऑफिसर) हैं। मामले की जांच विजय नगर पुलिस कर रही है। बुधवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। साथ रहने वाले दोस्त फ्लैट से बाहर थे पुलिस के अनुसार, अक्षत की दोस्त अंजलि और अन्य साथियों ने उसे सबसे पहले राजश्री अपोलो अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे एमवाय अस्पताल रेफर किया गया। एमवाय में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अक्षत के दोस्तों ने बताया कि मंगलवार रात वह अंजलि के साथ फ्लैट पर था, तभी अचानक उसकी पल्स कम होने लगी और उसे घबराहट महसूस हुई। तब अंजलि ने अन्य दोस्तों को बुलाया और उसे अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि फ्लैट में अक्षत के साथ उसका दोस्त चंद्रपाल (निवासी, बड़वानी) और अभिषेक वास्कले (निवासी, सेंधवा) भी रहते थे। मंगलवार को चंद्रपाल के पिता इंदौर आए थे, तो वह उनके साथ होटल चला गया था और अभिषेक को भी खाना खिलाने ले गया था। परिवार में एक छोटा भाई भी है पुलिस के मुताबिक, अक्षत के पिता बड़वानी में एडीपीओ हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। उसका एक छोटा भाई है, जो स्कूली छात्र है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।


