जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में हहरगुट्टू प्रेम कुंज के पास स्थित संतोष गैरेज में रविवार को आग लग गई। विश्वकर्मा पूजा के बाद गैरेज मालिक संतोष कुमार पूजा-अर्चना करके घर चले गए थे। इसी बीच गैरेज में रखे दीयों से आग लग गई। सूचना मिलते ही संतोष कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। आग बुझाने के प्रयास में वे खुद उसकी चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाया और गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया। पार्ट्स, उपकरण, वाहन रिपेयरिंग सामग्री जल गए स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक गैरेज में रखे पार्ट्स, उपकरण, वाहन रिपेयरिंग सामग्री और अन्य सामान जलकर राख हो चुके थे। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने बागबेड़ा पुलिस और अग्निशमन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सूचना देने के बावजूद न तो पुलिस और न ही दमकल विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर पहुंचा। लोगों का आरोप है कि अगर समय पर दमकल विभाग की गाड़ी पहुंच जाती, तो इतना नुकसान नहीं होता और मालिक की हालत भी इतनी गंभीर नहीं होती। स्थानीय नागरिकों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


