फलोदी जिला स्पेशल टीम ने 105 किलो अवैध डोडा पोस्त के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 2 मई 2022 को फलोदी के केशव कुटिया क्षेत्र से 105 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया गया था। इस मामले में भगवानाराम विश्नोई, हरिराम और दिनेश को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। आरोपी श्यामलाल पिछले ढाई साल से फरार चल रहा था। डीएसटी फलोदी के कॉन्स्टेबल सहीराम को सूचना मिली कि इनामी आरोपी श्यामलाल गुमानपुरा के एक होटल पर आने वाला है। इस सूचना पर टीम ने दबिश देकर श्यामलाल को गिरफ्तार कर लिया। श्यामलाल हडमाननगर भोजाकोर, थाना लोहावट का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, श्यामलाल आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ लोहावट थाने में मारपीट और एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से अवैध मादक पदार्थों की खरीद के संबंध में पूछताछ कर रही है।


