5 सूने मकानों से 15 लाख के गहने, नगदी चोरी:घरेलू सामान भी नहीं छोड़ा, डूंगरपुर के खेरमाल में चोरों ने की वारदात

डूंगरपुर के दोवड़ा थाना क्षेत्र के खेरमाल गांव में चोरों ने पुलिस की रात्रि गश्त को ठेंगा बताते हुए 5 सूने मकानों को अपना निशाना बनाया है। चोर इन 5 मकानों से करीब 15 लाख के सोने-चांदी के आभूषण और करीब 22 हजार की नगदी चुरा ले गए हैं। पीड़ित परिवार अहमदाबाद में रोजगार करता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोवड़ा थाना पुलिस के अनुसार खेरमाल गांव निवासी वालेंग पटेल, गोपाल पटेल, वालजी पटेल, रमेश पटेल और कांतिलाल पटेल के परिवार अहमदाबाद में रोजगार करते है। 15 सितंबर की रात्रि को चोरों ने इनके सूने मकानों को अपना निशाना बनाया। सुबह वहां से गुजरने वाले लोगों ने मकानों के ताले टूटे देखे तो घटना की जानकारी पीड़ित परिवारों को दी। सूचना पर 16 सितंबर को पीड़ित परिवार अपने घर पहुंचे। जहां घरों में सामान बिखरा पड़ा था। चोर 5 घरों से करीब डेढ़ किलो चांदी के आभूषण और करीब 10 तोला सोने के आभूषण चुरा ले गए है। जिनकी कीमत करीब 15 लाख रुपए की बताई जा रही है। इसके साथ ही 22 हजार की नगदी और अन्य घरेलू सामान भी चुरा ले गए। पीड़ित परिवारों ने दोवड़ा थाना पुलिस को चोरी की रिपोर्ट दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन डूंगरपुर जिले में बढ़ती चोरी की वारदातों ने एसपी की ओर से जिले में अपराधों के नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विभिन्न ऑपरेशंस को ठेंगा सा बता दिया है। चोरी की बढ़ती वारदातों से आमजन में आक्रोश व्याप्त है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *