प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को से सेवा पखवाड़े की शुरुआत हुई। इस उपलक्ष्य में जयपुर के विद्याधर नगर क्षेत्र में एक विशाल रक्तदान एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने स्वयं इस शिविर में भाग लिया और रक्तदान कर सेवा का संदेश दिया।
दीया कुमारी ने इस अवसर पर कहा कि “सेवा का भाव रखकर ही कार्य करें, तभी समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।” उन्होंने आमजन और कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे इस सेवा पखवाड़े के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा पखवाड़े के दौरान विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जानी चाहिए। उन्होंने सामाजिक कार्यों में अच्छा काम करने वालों को मंच पर लाने और निस्वार्थ भाव से काम करने वालों का सम्मान करने पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त, मेडिकल कैंप, साफ-सफाई सेवा और बस्तियों में स्वच्छता अभियान जैसे कार्य भी किए जाने चाहिए। दीया कुमारी ने सभी से अपने-अपने वार्डों में रोजाना जाकर साफ-सफाई को लेकर अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ सभी को मिल रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से रक्तदान अभियान में अपनी अहम भागीदारी निभाने का आग्रह किया।


