ब्यावर में 8 सितंबर 2025 की रात को युवक पप्पू चीता पर बदमाशों ने जानलेवा हमला किया था। गंभीर रूप से घायल पप्पू चीता को अजमेर के जवाहर लाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, लेकिन अन्य नामजद आरोपी अभी भी फरार हैं। इसे लेकर सर्व समाज ने मंगलवार को सख्त कार्रवाई की मांग की थी और चेतावनी दी थी कि यदि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। बुधवार को अजमेर में जेएलएन अस्पताल के बाहर पप्पू चीता के बड़ी संख्या में समर्थक जमा हो गए। उन्होंने सरकार और प्रशासन से निम्नलिखित मांगें कीं: सभी नामजद आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए, आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की जाए और मृतक के परिवार के किसी सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। इस प्रकरण को लेकर अजमेर और ब्यावर में लगातार धरना-प्रदर्शन जारी हैं। आमजन और विभिन्न संगठनों का कहना है कि यदि न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


