कपूरथला में युवक को गोली मारने वालों पर FIR:अस्पताल में भर्ती; बाइक से लौट रहा था, रास्ते में कार सवार ने की फायरिंग

कपूरथला में युवक को गोली मारने वाले पांच लोगों के खिलाफ आज यानी बुधवार को मामला दर्ज किया है। बेगोवाल थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। युवक धार्मिक स्थान से माथा टेककर घर लौट रहा था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है, हालांकि अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। थाना बेगोवाल के एसएचओ हरजिंदर सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नंगल लुबाणा गांव निवासी बलजिंदर कौर ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर को उनका बेटा जसकरण सिंह अपनी बाइक (नंबर पीबी09एएल-2530) पर मकसूदपुर स्थित झंगी गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने गया था। कार सवार बदमाशों ने मारी गोली
बलजिंदर कौर को रात में सूचना मिली कि रावा बस अड्डे पर कार सवार युवकों ने उनके बेटे को गोली मार दी है। जब वह बस अड्डे पर पहुंचीं, तो पता चला कि अरविंदर सिंह निवासी मंड इब्राहिमवाल उनके बेटे को अपनी गाड़ी में अस्पताल ले गए हैं। बाद में रिश्तेदारों ने जसकरण को जालंधर के एक अस्पताल में भर्ती कराया। शिकायतकर्ता महिला ने अपनी जांच में पाया कि जसकरण सिंह रात करीब 09:40 बजे झंगी गुरुद्वारा साहिब से दोस्तों के साथ बाइक पर घर लौट रहा था। रावा बस अड्डे पर पीछे से आई-20 कार (नंबर पीबी10ईडब्ल्यू-0148) ने उनकी बाइक को रोक लिया। कार में बेगोवाल निवासी लाला, इनेवाल निवासी गुरजोत, तलवंडी पुरदल निवासी शिंदा, मंड कूकां निवासी संधू और बेगोवाल निवासी गैवी सवार थे। इन सभी ने कथित तौर पर जसकरण सिंह को जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। पुलिस ने घायल युवक की मां के बयान के आधार पर पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *