टोंक के नासिरदा थाना क्षेत्र के रतनपुरा में मृतक के नाम से फर्जी रजिस्ट्री करवाने का मामला सामने आया है। पीड़िता नोरती पत्नी स्व. बनवारी बैरवा ने बुधवार को नासिरदा थाने में अपने जेठ के बेटे समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। नासिरदा थाना प्रभारी शिवजीराम गुर्जर ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस बीच पीड़िता ने नासिरदा में लगे शिविर में भी पहुंची और देवली उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर व देवली SDM रूबी अंसार से भी शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। इस पर विधायक और एसडीएम ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। रिपोर्ट के अनुसार नोरती के ससुर रामकरण बैरवा के नाम ग्राम रतनपुरा में खाता संख्या 26, खसरा संख्या 644, रकबा 1.08 हैक्टेयर भूमि दर्ज थी। उनकी मृत्यु के बाद यह भूमि उनके वारिस प्रहलाद, बनवारी और पत्नी गुलाब के नाम दर्ज हुई। फरियादी नोरती के पति बनवारी की मृत्यु वर्ष 2014 में ही हो चुकी थी, जबकि बाद में प्रहलाद और गुलाब का भी निधन हो गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि प्रहलाद के वारिसों ने मिलीभगत कर मृतक बनवारी को जिंदा दिखाया और उसके हिस्से की जमीन की रजिस्ट्री राजेन्द्र पुत्र प्रहलाद बैरवा निवासी रतनपुरा के नाम करवा दी। इस रजिस्ट्री में नासिरदा निवासी प्रधान नागर पुत्र सीताराम नागर और मनीष मीणा पुत्र खानाराम मीणा गवाह बने, जिन्हें यह जानकारी थी कि बनवारी की मृत्यु पहले ही हो चुकी है। पीड़िता ने बताया कि करीब डेढ़ बीघा जमीन आरोपियों ने उनके नाम फर्जी तरीके से रजिस्ट्री करवा ली है। मामले में जांच और कार्रवाई की मांग की है।


