भास्कर न्यूज | अंबिकापुर जिले के दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम करजी में मंगलवार को नशे में अपने दो साल के बेटे की पटककर हत्या करने वाले आरोपी पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जुगलाल ने तीन साल पहले कमलेश्वरपुर निवासी विनिता सिंह से प्रेम विवाह किया था। उनका दो साल का पुत्र हर्षित था। करीब एक साल पहले उसने मारपीट कर पत्नी को भगा दिया था। जुगलाल शराब के नशे में धुत रहता था। घर में जुगलाल के अपने पिता व पुत्र के साथ रहता था। मंगलवार को उसने शराब पी थी। अचानक वह बेटे को पकड़कर घर से घसीटते हुए बाहर वाले दरवाजे के पास लाया और फिर उठाकर जमीन पर पटक दिया था। गंभीर चोट आने से हर्षित बेहोश हो गया था, जिसकी अस्पताल में मौत हो गई थी। घटना के बाद आरोपी फरार था। दूसरे दिन गुरुवार को पुलिस ने गांव के पास ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसने बेटे की हत्या करने की बात स्वीकार की। इसकी कोई वजह उसने पुलिस को नहीं बताई। पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


