भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत सेवा पखवाड़ा के अवसर पर शासकीय रामानुज प्रताप सिंहदेव पीजी कॉलेज बैकुंठपुर में स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना एनएसएस की कार्यक्रम अधिकारियों जयश्री प्रजापति व अनुरंजन कुजूर के संयोजन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के पहले चरण में प्राचार्य डॉ. हिमधर के उद्बोधन से शुरू हुआ, जिसमें प्राचार्य ने छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों और कार्यालयीन स्टाफ को सेवा पखवाड़ा के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह विशेष अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। उन्होंने कहा कि भारत की परंपरा में सेवा को सर्वोच्च धर्म माना गया है। सेवा केवल शासन का कार्य नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। इस अभियान के अंतर्गत स्वच्छता कार्य, पर्यावरण संरक्षण व प्लास्टिक मुक्त भारत बनाने जैसे लक्ष्य तय किए हैं। इसके बाद स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम के चरण चरण में तौफिक खान, कृष्णा राजवाड़े, तनिषा, तनुप्रिया, रीता व डोलिमा के नेतृत्व में पूरे कॉलेज परिसर में स्वच्छता अभियान चला गाजर घास का उन्मूलन और पाउच, पन्नी और पॉलीथीन जैसे कचरे को इकट्ठा कर सुरक्षित तरीके से निपटान किया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने स्वच्छता ही सेवा है, स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता, हम सब ने ठाना है स्वच्छ भारत बनाना है, जैसे नारे लगाकर श्रमदान किया।


