पंजाब कर्मचारी और पेंशनरों ने डीसी फरीदकोट के माध्यम से पंजाब पीएम के नाम ज्ञापन सौंपा

भास्कर न्यूज | फरीदकोट पंजाब कर्मचारी और पेंशनर संयुक्त फ्रंट ने डीसी फरीदकोट पूनमदीप कौर के माध्यम से पंजाब के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठनों के पदाधिकारियों ने बाढ़ प्रभावितों और किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की। ज्ञापन में मांग की कि बाढ़ में जान गंवाने वाले परिवारों को 20 लाख रुपए, प्रभावित किसानों को फसलों के नुकसान के लिए प्रति एकड़ 50 हजार रुपए और जमीन में जमी रेत हटाने के लिए प्रति एकड़ 10 हजार रुपए दिए जाएं। भूमिहीन परिवारों को प्रति परिवार 50 हजार रुपए का मुआवजा मिले। दुधारू पशुओं की मृत्यु पर 1 लाख रुपए प्रति पशु तथा अन्य पशुओं के लिए 20 हजार से 50 हजार रुपए तक का मुआवजा दिया जाए। बाढ़ से नष्ट हुए घरों के लिए प्रति घर 5 लाख रुपए, छोटे दुकानदारों को विशेष मुआवजा, प्रभावित विद्यार्थियों के लिए स्कूल व बोर्ड की परीक्षा शुल्क माफ करने और क्षतिग्रस्त स्कूलों व अस्पतालों के पुनर्निर्माण हेतु विशेष ग्रांट जारी करने की मांग की गई। इसके अतिरिक्त हर घर को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने, भविष्य में बाढ़ से बचाव हेतु नालों, नहरों और बांधों की समय पर मरम्मत और सफाई करवाने की भी मांग की गई। इस मौके पर पंजाब पेंशनर यूनियन के प्रांतीय महासचिव प्रेम चावला, जतिंदर कुमार, कुलवंत सिंह चानी, इंद्रजीत सिंह पुरी, बलकार सिंह सहोता, इंद्रजीत सिंह गिल, अशोक कौशल और गुरतेज सिंह खैहरा भी उपस्थित रहे। डीसी ने आश्वासन दिया कि यह मांगपत्र अपनी सिफारिश के साथ पंजाब सरकार को शीघ्र भेजा जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *