दुर्ग में सेवा पखवाड़ा शुरू:पीएम मोदी के जन्मदिन पर 125 आवास स्वीकृत, 38 को चाबी, रक्तदान से वर्ल्ड रिकॉर्ड संभव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस पर भिलाई के वैशाली नगर में ‘सेवा पखवाड़ा’ का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 125 नए आवासों को स्वीकृति मिली, जिनमें से 38 पात्र परिवारों को विधायक रिकेश सेन ने चाबी सौंपी। यह कार्यक्रम आंबेडकर भवन बैकुंठधाम में आयोजित हुआ। विधायक रिकेश सेन ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना जरूरतमंदों को पक्के घर उपलब्ध करा रही है। सेवा पखवाड़ा के तहत प्रत्येक वार्ड में लॉटरी पद्धति से आवासों का वितरण किया जा रहा है। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत सफाई गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। विधायक रिकेश सेन और भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन के नेतृत्व में सुपेला शासकीय अस्पताल परिसर में सफाई अभियान चलाया गया। कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर, साक्षरता चौक, कैम्प क्षेत्र और उद्यानों में श्रमदान कर सफाई की और पौधारोपण भी किया।विधायक ने इस दौरान कहा कि स्वच्छता केवल दिखावे से नहीं, बल्कि आदत और संस्कार से आती है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से अपने घर से शुरुआत कर आसपास के इलाकों को साफ रखने की जिम्मेदारी निभाने की अपील की। दुर्ग में स्वच्छता अभियान, अंगीकार-2025 का शुभारंभ दुर्ग नगर पालिक निगम क्षेत्र के विवेकानंद भवन में ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’, ‘अंगीकार-2025’ और ‘छत्तीसगढ़ रजत जयंती महोत्सव’ का आयोजन किया गया। सांसद विजय बघेल, महापौर अलका बाघमार और आयुक्त सुमित अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए। इनमें SMHFC स्वतंत्र होम लोन, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना, माँ ब्राम्हणी सोलर सॉल्यूशन, CPDCL का मुफ्त बिजली अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी और आधार कार्ड सेवा केंद्र शामिल थे। नागरिकों ने इन योजनाओं की जानकारी लेने और उनका लाभ उठाने में गहरी रुचि दिखाई। कार्यक्रम में बच्चों और युवाओं ने स्वच्छता तथा विकास पर आधारित गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियां दीं, जिनकी दर्शकों ने सराहना की। ‘स्वच्छ गणेश उत्सव अभियान’ के तहत जनजागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली समितियों को सम्मानित किया गया। इनमें श्री दक्षिण कौशल गणेश उत्सव समिति पद्मनाभपुर, श्री आदर्श गणेश उत्सव समिति महाराजा चौक, श्री जगन्नाथ गणेश उत्सव समिति पुराना बस स्टैंड और मोहसीने आज़म के युवा शामिल थे। उन्हें विशेष सम्मान पत्र प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत कुल 11 हितग्राहियों को पूर्णता प्रमाण पत्र और आवंटन पत्र प्रदान किए गए। इनमें 6 हितग्राही BLC घटक के और 5 हितग्राही AHP घटक के थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *