डीग जिला कलेक्टर उत्सव कौशल ने पहाड़ी उपखंड की ग्राम पंचायत जीराहेड़ा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने किसानों की समस्याएं सुनीं। किसानों ने बताया कि अत्यधिक बारिश और जलभराव के कारण उनके खेतों में खड़ी धान, मक्का और सब्जियों की फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गई हैं। किसानों की समस्याएं सुनने के बाद कलेक्टर कौशल ने तुरंत जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया। उन्होंने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि किसानों को तत्काल राहत पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता है। कलेक्टर ने फसल के नुकसान का आकलन करने के भी निर्देश दिए, ताकि किसानों को जल्द से जल्द फसल बीमा और सरकारी मुआवजे का लाभ मिल सके। उन्होंने जोर दिया कि किसानों के खेतों के साथ-साथ उनके भविष्य को भी सुरक्षित रखना आवश्यक है। भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए स्थायी समाधान निकालने पर भी चर्चा हुई। इसमें नहरों और नालियों की सफाई, जल निकासी की पक्की व्यवस्था और वर्षा जल संचयन जैसी योजनाएं शामिल होंगी। रात्रि चौपाल के दौरान जिला कलेक्टर ने आमजन को स्वामित्व योजना के तहत पट्टे भी वितरित किए।


